शहर के “शेर” पुलिस के सामने हुए “ढेर”: मिनीमाता चौक पर गुंडागर्दी करने वालों को जूटमिल पुलिस ने भेजा जेल…

रायगढ़, 3 जनवरी 2026। शहर की सड़कों पर सरेराह गुंडागर्दी और गाली-गलौज करने वाले अराजक तत्वों के लिए जूटमिल पुलिस अब “काल” बन गई है। मिनीमाता चौक पर दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले तीन रसूखदार बदमाशों की हेकड़ी उस वक्त धरी की धरी रह गई, जब पुलिस ने उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
दहशत का अंत : बीच सड़क पर घेराबंदी कर पीटा – विवाद की जड़ एक पिकनिक बनी, जहाँ गाली-गलौज करने से रोकने पर आरोपियों ने प्रार्थी किशन वैष्णव को देख लेने की धमकी दी थी। बदला लेने की नीयत से राजेन्द्र निषाद, अमन और बादल निषाद ने मिनीमाता चौक पर बीच सड़क पर गुंडागर्दी किया। उन्होंने किशन को घेरकर बेरहमी से लात-घूंसों से पीटा और सरेआम कानून की धज्जियां उड़ाईं।
वर्दी का खौफ : थाने में दिखाई “गर्मी” तो पुलिस ने किया “ठंडा” – हैरानी की बात तो यह रही कि जब इन बदमाशों को थाने बुलाया गया, तो वहां भी इनका खून उबल रहा था। पुलिस की मौजूदगी में ही आरोपी शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी देने लगे। पुलिस अधिकारियों ने जब समझाने की कोशिश की, तो वे उनसे भी उलझने लगे। जूटमिल पुलिस ने बिना देर किए इन “स्ट्रीट फाइटर्स” का सारा नशा चूर कर दिया।
सीधे जेल की कालकोठरी में एंट्री – जूटमिल थाना प्रभारी प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस ने ऐसी घेराबंदी की कि आरोपियों को संभलने का मौका नहीं मिला। पुलिस ने सख्त संदेश देते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत उन्हें गिरफ्तार किया और एसडीएम कोर्ट से सीधा जेल वारंट कटवाकर उन्हें सलाखों के पीछे ठूंस दिया।
“यह कार्रवाई उन लोगों के लिए चेतावनी है जो शहर की शांति भंग करना चाहते हैं। जूटमिल क्षेत्र में गुंडागर्दी करने वालों का अंजाम अब यही होगा—सख्त कार्रवाई और सीधा जेल!”
इन जांबाजों ने सिखाया सबक : इस “सुपरफास्ट” कार्रवाई में निरीक्षक प्रशांत राव, एएसआई भागीरथी चौधरी, हेड कांस्टेबल वीरेन्द्र भगत और कांस्टेबल लखेश्वर पुरसेठ की टीम ने साबित कर दिया कि रायगढ़ में सिर्फ कानून का राज चलेगा।




