खाकी का शिकंजा : कापू पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के फरार आरोपी को दबोचा, सलाखों के पीछे पहुँचा ‘नशा सौदागर’…

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के ‘क्लीन सिटी’ अभियान और नशे के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। कापू पुलिस ने आज एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एनडीपीएस एक्ट के शातिर फरार आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।
जुलाई से चल रहा था ‘चूहे-बिल्ली’ का खेल : मामले की जड़ें 15 जुलाई 2025 की उस घटना से जुड़ी हैं, जब पुलिस ने ग्राम गोढ़ीखुर्द के पास एक बिना नंबर की प्लेटिना मोटरसाइकिल को रोका था। उस दौरान पत्थलगांव निवासी ईश्वर चंद यादव तो 984 ग्राम गांजे के साथ पकड़ा गया था, लेकिन उसका साथी नितेश अग्रवाल चलती गाड़ी से कूदकर फिल्मी अंदाज में फरार होने में कामयाब रहा था।
सटीक मुखबिरी और ‘एक्शन’ में पुलिस : पुलिस पिछले 5 महीनों से नितेश की तलाश में जुटी थी। मंगलवार को थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव को पक्की सूचना मिली कि फरार आरोपी ग्राम सलकेता के आसपास देखा गया है। बिना वक्त गंवाए पुलिस टीम ने घेराबंदी की और आरोपी को उसकी लुका-छिपी के खेल से बाहर खींच निकाला।
कार्रवाई के मुख्य बिंदु :
- आरोपी का नाम : नितेश अग्रवाल (फरार आरोपी)
- सह-आरोपी : ईश्वर चंद यादव (पहले ही जेल भेजा जा चुका है)
- कुल जब्ती : 984 ग्राम अवैध गांजा और बिना नंबर की प्लेटिना बाइक।
- धारा : अपराध क्रमांक 107/2025, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट।
कापू पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने क्षेत्र के नशा तस्करों में हड़कंप मचा दिया है। आरोपी को आज विधिवत न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




