मछली की सब्जी पर विवाद : दोस्त ने दोस्त पर किया टंगिया से हमला, आरोपी गिरफ्तार…

रायगढ़। जिले की जोबी पुलिस चौकी क्षेत्र में एक मामूली घरेलू विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। महज खाना बनाने और सहयोग न करने की बात पर एक युवक ने अपने ही दोस्त पर टंगिया (कुल्हाड़ी) से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
विवाद की जड़ : “हमेशा मैं ही क्यों बनाऊं खाना?” – घटना की पृष्ठभूमि साझा करते हुए प्रार्थी सतीश कुमार राठिया (25 वर्ष) ने बताया कि उसकी पत्नी के मायके जाने के कारण वह अपने दोस्त राम गोपाल यादव के घर पर ही साथ में खाना बनाता और खाता था।
13 दिसंबर की रात मछली की सब्जी बनाने के दौरान सतीश ने राम गोपाल से कहा कि “हमेशा मैं ही खाना बनाता हूँ, तुम कोई मदद नहीं करते।” बस इतनी सी बात पर राम गोपाल भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए पास रखी टंगिया से सतीश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई और धाराएं : पीड़ित की शिकायत पर चौकी प्रभारी एएसआई लक्ष्मी राठौर ने मामले को गंभीरता से लिया। शुरुआती जांच और मेडिकल रिपोर्ट में सतीश के दाहिने पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले में कड़ी धाराएं जोड़ीं।
- दर्ज मामला : थाना खरसिया में अपराध क्रमांक 628/2025।
- धाराएं : भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 115(2) और गंभीर चोट के कारण धारा 118(2) जोड़ी गई।
- बरामदगी: हमले में इस्तेमाल की गई टंगिया को पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया है।
आरोपी सलाखों के पीछे : पुलिस ने आरोपी राम गोपाल यादव (20 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। मामले की गंभीरता और गैर-जमानतीय धाराओं के चलते माननीय न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
टीम की भूमिका : इस त्वरित कार्रवाई में एएसआई लक्ष्मी राठौर, हेड कांस्टेबल दशरथ लाल सिदार और हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही।




