रायगढ़ में संविधान दिवस पर पुलिसकर्मियों ने ली भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ…

रायगढ़, 26 नवंबर। संविधान दिवस के अवसर पर मंगलवार को रायगढ़ पुलिस कार्यालय में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम की अगुवाई में समस्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना की सामूहिक शपथ ली।
एएसपी मरकाम ने प्रस्तावना के मूल तत्व –संपूर्ण प्रभुत्व सम्पन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य की पुनः समीक्षा कराते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि पुलिस बल का प्राथमिक कर्तव्य कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों और मूल्यों की रक्षा करना है।
कार्यक्रम में डीएसपी (साइबर सेल) अनिल विश्वकर्मा सहित पुलिस कार्यालय के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे और सभी ने एक स्वर में संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की। मौके पर पुलिसकर्मियों ने संकल्प लिया कि वे अपने दैनिक कार्य, व्यवहार और कर्तव्यों में संविधान के आदर्शों को सर्वोपरि रखेंगे।
इसी क्रम में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में भी थाना प्रभारियों द्वारा अधीनस्थ कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई तथा संविधान दिवस को सम्मान और गरिमा के साथ मनाया गया।




