रायगढ़

छाल पुलिस का बड़ा खुलासा : पत्नी की हत्या करने वाला निकला पति, अंधे कत्ल से उठा पर्दा…

रायगढ़। छाल पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। ग्राम ऐडुकला की 26 वर्षीय शारदा श्रीवास की मौत को शुरुआत में सामान्य बीमारी समझा गया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने परिजनों व पुलिस की आंखें खोल दीं—उसकी मौत प्राकृतिक नहीं, बल्कि हत्या थी।

6 सितंबर को अचानक तबीयत बिगड़ने पर शारदा को उसके पिता और भाई कटघोरा सीएचसी लेकर पहुंचे थे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामला मर्ग के तौर पर दर्ज हुआ, लेकिन 23 सितंबर को डायरी छाल थाना पहुंचते ही तस्वीर बदलने लगी। थाना प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी ने गहन जांच शुरू की और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने साफ कर दिया कि यह “होमीसाइडल डेथ” है।

जांच के दौरान मायके पक्ष और ग्रामीणों ने बताया कि मृतका का पति धनेश्वर श्रीवास आए दिन उससे मारपीट करता था। शक की सुई पति पर गिरी और कड़ाई से पूछताछ में उसने खुद अपना जुर्म कबूल किया। आरोपी ने बताया कि 3 सितंबर की रात खाने को लेकर हुए विवाद के बाद उसने पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी थी। गंभीर चोटों से उसकी हालत बिगड़ गई और आखिरकार इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने न केवल आरोपी का कबूलनामा दर्ज किया, बल्कि क्राइम सीन री-क्रिएशन, फॉरेंसिक टीम की मदद से अहम सबूत जुटाए और पूरे घटनाक्रम की वीडियो-फोटोग्राफी भी कराई। इसके बाद आरोपी धनेश्वर श्रीवास को हत्या के मामले में गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस मामले के सफल खुलासे में एसपी दिव्यांग पटेल और एसडीओपी प्रभात पटेल के निर्देशन में थाना प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी, एएसआई शिव कुमार खरे, प्रधान आरक्षक शंभू पांडेय, शंकर सिंह और आरक्षक भूपेश राठिया की सराहनीय भूमिका रही।

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!