बिलासपुर : ‘तलाक दे, दूसरी शादी करूंगी वरना रेल पटरी पर कटवा दूंगी’: GRP वाली बीवी का खाकी वाला रौब, सास संग मिलकर मास्टर साहब को जमकर कूटा; सिरगिट्टी थाने में FIR दर्ज…

बिलासपुर। कानून की रखवाली की कसम खाने वाली खाकी जब घर के भीतर सनक और गुंडई पर उतर आए, तो क्या होता है – इसका खौफनाक नमूना न्यायधानी बिलासपुर में देखने को मिला है। सरकारी स्कूल में बच्चों को कानून और तहजीब का पाठ पढ़ाने वाले एक शिक्षक पति को क्या पता था कि रेलवे पुलिस (GRP) में तैनात उसकी अपनी ही सिपाही बीवी उसे ‘रेलवे ट्रैक पर काटकर फेंकने’ का पाठ पढ़ाने लगेगी!
मासूम बच्चों और पत्नी से मिलने पहुंचे शिक्षक पति को आधी रात न सिर्फ लात-घूंसों से पीटा गया, बल्कि वर्दी की हनक दिखाते हुए धमकी दी गई – “तलाक दे, मुझे दूसरी शादी करनी है… नहीं माना तो रेलवे ट्रैक पर लिटाकर जान से मार दूंगी और झूठे केस में जिंदगी सड़ा दूंगी!” अब पीड़ित शिक्षक की गुहार पर सिरगिट्टी पुलिस ने सिपाही पत्नी और उसकी मां (सास) के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आधी रात 2 बजे टूटी ‘शादी की मर्यादा’, शुरू हुआ हाईवोल्टेज ड्रामा – सक्ती जिले के डभरा क्षेत्र (ग्राम तेन्दुमुड़ी छिपिया) निवासी किशन कुमार दिव्य पेशे से सरकारी शिक्षक हैं और वर्तमान में ग्राम पथरी के स्कूल में पदस्थ हैं। उनकी पत्नी शकुन्तला बंजारे रेलवे पुलिस (GRP) में आरक्षक के पद पर तैनात हैं और बच्चों के साथ बिलासपुर में रहती हैं।
किशन अपने बच्चों और पत्नी के मोह में 26 सितंबर को बिलासपुर पहुंचे थे। घर में सास रोहणी बाई बंजारे भी पहले से मौजूद थीं। दिन तो जैसे-तैसे गुजरा, लेकिन 27 सितंबर की रात करीब 2 बजे घर के भीतर जो तमाशा शुरू हुआ, उसने इंसानियत और रिश्ते दोनों को शर्मसार कर दिया।
‘दूसरी शादी करनी है, तलाक दे’… मना किया तो सास-बहू बन गईं ‘जल्लाद’ – किशन के मुताबिक, रात 2 बजे जीआरपी आरक्षक पत्नी शकुन्तला ने अचानक फरमान सुनाया कि वह अब उसके साथ नहीं रहना चाहती, उसे दूसरी शादी करनी है, इसलिए वह तुरंत तलाक दे। जब शिक्षक पति ने इस बेतुकी मांग का विरोध किया और तलाक देने से साफ इनकार कर दिया, तो खाकी वर्दी का नशा सिर चढ़कर बोलने लगा।
पहले गाली-गलौज का दौर चला और फिर सिपाही पत्नी व सास रोहणी बाई ने मिलकर शिक्षक पर हमला बोल दिया। दोनों ने मिलकर किशन को लात-घूंसों और मुक्कों से बेरहमी से पीटा।
खाकी की खुली धमकी : “रेलवे ट्रैक पर लिटा दूंगी, झूठे केस में अंदर करवाऊंगी” – मारपीट के दौरान जीआरपी आरक्षक पत्नी ने अपने पद और रसूख की खुलेआम धौंस दिखाई। उसने शिक्षक पति को धमकाते हुए कहा कि वह रेलवे पुलिस में है; अगर उसने तलाक के कागजों पर दस्तखत नहीं किए या जुबान खोली, तो उसे सीधे रेलवे ट्रैक पर लिटाकर ट्रेन से कटवा देगी और हादसा या आत्महत्या का रूप दे देगी। इतना ही नहीं, पुलिसिया पैंतरों का डर दिखाते हुए झूठे मुकदमों में फंसाकर जिंदगी बर्बाद करने की धमकी भी दी गई।
पहले खुद फंसाया, अब खुला वर्दी का कच्चा-चिट्ठा – पीड़ित शिक्षक ने बताया कि यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी जब वह परिवार से मिलने आया था, तब भी विवाद हुआ था। उस वक्त शिक्षक ने बदनामी के डर से चुप्पी साध ली थी, जिसका फायदा उठाकर आरक्षक पत्नी ने खुद थाने पहुंचकर पति के खिलाफ मारपीट की झूठी शिकायत दर्ज करा दी थी।
इस बार जब पानी सिर से ऊपर गुजर गया और जान पर बन आई, तब पीड़ित शिक्षक ने अपने पिता को आपबीती बताई और सीधे सिरगिट्टी थाने पहुंचकर कानूनी गुहार लगाई। सिरगिट्टी पुलिस ने शिक्षक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और जीआरपी में पदस्थ महिला आरक्षक व उसकी मां के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
अब देखना यह है कि कानून के नाम पर पति की जान की बोली लगाने वाली इस ‘खाकी वाली पत्नी’ पर पुलिस महकमा क्या नकेल कसता है।




