प्यार का ढोंग, शादी का झांसा और फिर गर्भवती कर मुकरा… रायगढ़ पुलिस ने 24 घंटे में सिखाया सबक, सलाखों के पीछे पहुंचा आरोपी…

रायगढ़। शादी का झूठा वादा कर युवती की अस्मत से खिलवाड़ करने और गर्भवती होने पर किनारा करने वाले एक धोखेबाज युवक को रायगढ़ पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। जिला पुलिस द्वारा महिला संबंधी अपराधों के खात्मे के लिए चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत लैलूंगा पुलिस ने त्वरित और कठोर कार्रवाई करते हुए 24 वर्षीय आरोपी विशाल भगत को धर दबोचा और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
भरोसे का कत्ल: 2 साल तक छला, गर्भवती हुई तो फेर लिया मुंह – पीड़िता (21 वर्ष) द्वारा लैलूंगा थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, वह आरोपी विशाल भगत को पिछले दो वर्षों से जानती थी। आरोपी लगातार उससे छिपकर मिलता रहा और उसे अपनी पत्नी बनाकर साथ रखने का पक्का वादा करता रहा।
1 जनवरी 2025 की रात आरोपी मौका पाकर युवती के घर पहुंचा और ‘पति-पत्नी की तरह जीवन बिताने’ की चिकनी-चुपड़ी बातों में फंसाकर पहली बार संबंध बनाए। इसके बाद शादी का भरोसा देकर वह लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। छल-कपट का यह घिनौना खेल तब उजागर हुआ जब युवती गर्भवती हो गई। पीड़िता ने जब उस पर शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी अपने वादों से मुकर गया और अपनाने से साफ इनकार कर दिया।
24 घंटे में पुलिस का एक्शन: गांव में दबिश देकर दबोचा – धोखे और सामाजिक प्रताड़ना की शिकार युवती ने परिजनों को आपबीती बताकर लैलूंगा थाने में न्याय की गुहार लगाई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तनिक भी देर नहीं की।
थाना लैलूंगा में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 312/2026, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 (धोखाधड़ी या शादी का झूठा वादा कर शारीरिक संबंध बनाना) के तहत गैर-जमानती मामला दर्ज किया गया। एसएसपी के निर्देश पर लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव ने तत्परता दिखाते हुए टीम के साथ आरोपी के गांव में दबिश दी और उसे हिरासत में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ और पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सख्त संदेश : महिलाओं से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं – कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एएसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में पूरी की गई। टीम में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैंकरा, आरक्षक जयचंद्र और राजू कुमार तिग्गा की सक्रिय भूमिका रही।
“महिला सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ‘अभियान संवेदना’ के तहत बेटियों और महिलाओं के साथ छल या अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस की नीति जीरो टॉलरेंस की है। कानून से खिलवाड़ करने वाले किसी भी हाल में बच नहीं पाएंगे।”
शशि मोहन सिंह, एसएसपी, रायगढ़




