पत्थलगांव की सड़कों पर सरेराह नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले रईसजादे का घमंड पुलिस ने तोड़ा; पॉक्सो और BNS की गैर-जमानती धाराओं में भेजा सलाखों के पीछे…

जशपुर : लक्जरी कार का रौब दिखाकर 12वीं की नाबालिग छात्रा को सरेराह अगवा करने की नीयत से हाथ पकड़कर गाड़ी में खींचने वाले मनचले निराकार यादव उर्फ रिंकू (19 वर्ष) का सारा गुरूर खाकी ने चकनाचूर कर दिया। भरी दोपहर बस स्टॉप पर छात्रा के साथ अश्लील हरकतें करने और उसे जबरन कार में बैठाने की दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने के बाद करीब डेढ़ महीने से फरार चल रहे इस आरोपी को पत्थलगांव पुलिस ने उसके गांव से घेराबंदी कर धर दबोचा। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मारुति XL6 कार भी जब्त कर ली है।
सरेराह गुंडागर्दी : बस का इंतजार कर रही छात्रा पर गंदी नजर, हाथ पकड़कर खींचा – घटना 30 अगस्त की दोपहर करीब 3:00 बजे की है। 16 वर्षीय पीड़िता, जो अपनी मौसी के यहां रहकर 12वीं की पढ़ाई कर रही है, मौसी के घर जाने के लिए बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रही थी। तभी आरोपी निराकार यादव अपनी चमचमाती XL6 कार से वहां पहुंचा।
पहले तो उसने गाड़ी रोककर छात्रा की ओर अश्लील इशारे किए। जब छात्रा ने नजरअंदाज किया, तो वह गाड़ी से उतरा, जबरन छात्रा का हाथ पकड़ लिया और बदसलूकी करते हुए उसे गाड़ी के भीतर खींचने लगा।
छात्रा की दिलेरी से उड़े होश, कार दौड़ाकर भागा आरोपी : छात्रा डरी नहीं, बल्कि उसने पूरी ताकत से चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। छात्रा की आवाज सुनकर राहगीरों और आसपास के लोगों को अपनी ओर बढ़ता देख आरोपी के हाथ-पांव फूल गए। वह छात्रा को छोड़कर आनन-फानन में कार में सवार हुआ और तेज रफ्तार से गाड़ी भगा ले गया। पीड़िता के परिजनों का कहना है कि आरोपी पहले भी कई बार रास्ते में छात्रा का पीछा कर अश्लील हरकतें कर चुका था।
38 दिन की फरारी, फिर ऐसे टूटा मनचले का नेटवर्क : शिकायत मिलते ही पत्थलगांव पुलिस हरकत में आई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 193/2026, BNS की धारा 74, 351(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई।
गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस की साइबर और मुखबिर विंग ने जाल बिछाया और 7 अक्टूबर को जैसे ही आरोपी अपने गृह ग्राम पहुंचा, पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेरकर उसे दबोच लिया। थाने में पुलिसिया पूछताछ के सामने मनचले की सारी हेकड़ी चंद मिनटों में हवा हो गई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लग्जरी XL6 कार को जब्त कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे सीधे जेल भेज दिया गया।
“मासूम बच्चियों और महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। जो कानून हाथ में लेगा, कानून उसके साथ उतनी ही सख्ती से निपटेगा। ऐसे मामलों में पुलिस का रुख पूरी तरह जीरो टॉलरेंस का है।”
डॉ. लाल उमेद सिंह, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जशपुर
सराहनीय भूमिका : इस सफल और कड़े एक्शन में पत्थलगांव थाना के उप निरीक्षक विद्या राम यादव, प्रधान आरक्षक सुभाष नायक, चंद्र विजय साय तथा आरक्षक वीरेंद्र यादव, देव सिंह एवं राजेंद्र रात्रे की अहम भूमिका रही।




