दुर्ग में इंसानियत शर्मसार : 6 साल की मासूम से 45 वर्षीय मकान मालिक ने किया दुष्कर्म; तबीयत बिगड़ने पर खुला राज, आरोपी दिलावर हिरासत में…

दुर्ग। जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में इंसानियत को झकझोर देने वाली दरिंदगी का मामला सामने आया है। यहां एक 45 वर्षीय मकान मालिक ने अपने ही मकान में किराए से रहने वाले परिवार की महज 6 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। घटना 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) की है। वारदात के बाद जब बच्ची की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ी, तब परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। अस्पताल में मेडिकल जांच के दौरान दुष्कर्म की पुष्टि होते ही परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों की शिकायत पर खुर्सीपार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दिलावर को हिरासत में ले लिया है।
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचे परिजन, डॉक्टरों ने की पुष्टि – जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार आरोपी दिलावर के मकान में किराए पर रहता है। 2 अक्टूबर को जब आरोपी को मौका मिला, तो उसने मासूम को अपनी हवस का शिकार बना डाला। इस घिनौनी वारदात के बाद बच्ची की शारीरिक स्थिति बिगड़ने लगी। अत्यधिक दर्द और अस्वस्थता देख घबराए माता-पिता उसे तत्काल डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे। अस्पताल में जब डॉक्टरों ने बच्ची का परीक्षण किया, तो उसके साथ हुए गंभीर यौन अपराध की पुष्टि हुई।
पहले से थी बुरी नीयत, पहले भी की थी गलत हरकत की कोशिश – परिजनों का आरोप है कि 45 वर्षीय मकान मालिक दिलावर लंबे समय से बच्ची पर बुरी नजर रखे हुए था। उसने पहले भी बच्ची के साथ अनुचित हरकत करने की कोशिश की थी, लेकिन तब वह अपने नापाक मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाया था। 2 अक्टूबर को जब बच्ची अकेली थी, आरोपी ने मौका पाकर इस वीभत्स अपराध को अंजाम दे दिया।
पुलिस ने आरोपी को दबोचा, पॉक्सो समेत सख्त धाराओं में कार्रवाई की तैयारी – अस्पताल से पुष्टि मिलने के बाद परिजनों ने आनन-फानन में खुर्सीपार थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज की और 3 अक्टूबर को आरोपी दिलावर को हिरासत में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े सभी तकनीकी व फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। बच्ची की मेडिकल रिपोर्ट और बयानों के आधार पर मामले में पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और बीएनएस की संबंधित सख्त धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




