झाड़-फूंक के नाम पर घिनौना खेल! शादी और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, नींद की दवा पिलाकर की दरिंदगी….

- पूजा-पाठ की आड़ में रची गई सुनियोजित साजिश, महिला को बेहोश कर मुख्य आरोपी ने किया दुष्कर्म; महिला सहयोगी भी निकली साजिश में शामिल…
- बिजनेस में काम दिलाने और बाधाएं दूर करने के नाम पर पीड़िता से करीब 6 लाख रुपये ऐंठने का आरोप, घरघोड़ा पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल…
रायगढ़। अंधविश्वास, झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के नाम पर लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर शोषण करने का एक सनसनीखेज मामला रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहां शादी में आ रही बाधाएं दूर करने और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर एक महिला को कथित तौर पर नशीला पानी पिलाकर बेहोश किया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। हैरानी की बात यह है कि इस पूरी साजिश में मुख्य आरोपी के साथ एक महिला भी शामिल थी। आरोपियों ने कथित तौर पर पूजा-पाठ, हवन और बिजनेस में काम दिलाने के नाम पर पीड़िता से करीब 6 लाख रुपये भी वसूल लिए। मामले में घरघोड़ा पुलिस ने मुख्य आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल और उसकी महिला सहयोगी गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
बीमारी और शादी की परेशानी बनी शिकार बनाने की वजह – पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय अविवाहित महिला निवासी लैलूंगा ने 5 नवंबर 2026 को थाना कोतवाली रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि मार्च 2026 में एक परिचित महिला के माध्यम से उसे चंद्र कुमार जायसवाल के बारे में जानकारी मिली थी। उसे बताया गया था कि आरोपी हाथ देखकर भविष्य बताता है और झाड़-फूंक तथा दवाओं के जरिए बीमारियों का इलाज करता है।
शारीरिक परेशानी, शरीर में दर्द और विवाह नहीं हो पाने की समस्या से जूझ रही महिला ने आरोपी से मोबाइल पर संपर्क किया। आरोपी ने उसकी परेशानियां दूर करने, बीमारी ठीक करने और शादी में आ रही बाधाएं समाप्त करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल और व्हाट्सएप पर बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया।
पूजा के बहाने बुलाया, पहले से तैयार थी साजिश – 8 मार्च 2026 को आरोपी चंद्र कुमार ने पूजा-पाठ और इलाज के बहाने पीड़िता को घरघोड़ा स्थित अपने किराये के मकान में बुलाया। महिला बस से घरघोड़ा पहुंची, जहां आरोपी उसे बाइक से अपने मकान ले गया। वहां गायत्री महंत नाम की महिला पहले से मौजूद थी। उसे पूजा-पाठ करने वाली महिला बताकर पीड़िता से मिलवाया गया।
आरोप है कि गायत्री ने पीड़िता की समस्याएं जानने के बाद पूजा के लिए कपूर, घर की मिट्टी और लड्डू मंगवाए। इसके बाद उसे नहाकर गीले कपड़ों में पूजा स्थल पर आने को कहा गया। महिला सहयोगी ने यह भरोसा भी दिलाया कि वह स्वयं महिला है और पूजा के दौरान वहीं मौजूद रहेगी, इसलिए उसे किसी तरह का संकोच करने की जरूरत नहीं है।
अभिमंत्रित जल बताकर पिलाया नशीला पानी, बेहोशी में दुष्कर्म – पीड़िता के अनुसार, पूजा शुरू होने के कुछ देर बाद चंद्र कुमार वहां पहुंचा और हवन-पूजन करने लगा। इसी दौरान उसने अभिमंत्रित जल बताकर पीड़िता को पानी पीने के लिए दिया। आरोप है कि उस पानी में नींद की दवा मिलाई गई थी। पानी पीने के कुछ ही देर बाद महिला को चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गई।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसी बेहोशी की हालत का फायदा उठाकर चंद्र कुमार ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। होश आने पर जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने शादी में आ रही बाधाएं दूर करने और शारीरिक समस्या ठीक करने के नाम पर अपने कृत्य को सही ठहराने की कोशिश की।
दुष्कर्म के बाद भी नहीं रुका वसूली का खेल, करीब 6 लाख रुपये ऐंठने का आरोप – पीड़िता के आरोपों के मुताबिक, आरोपी चंद्र कुमार और उसकी महिला सहयोगी ने पूजा-पाठ एवं हवन के नाम पर पहले 4 हजार और फिर 12 हजार रुपये लिए। इसके बाद बिजनेस वेस्टिज कंपनी में काम दिलाने का झांसा देकर उससे लगातार रकम मांगी गई। अलग-अलग बहानों से आरोपियों ने पीड़िता से करीब 6 लाख रुपये वसूल लिए।
जब पीड़िता ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपियों ने कथित तौर पर उसे डराया-धमकाया। आखिरकार पीड़िता ने पुलिस की शरण ली और पूरे मामले का खुलासा हुआ।
प्रेम संबंध से लेकर साजिश तक पुलिस जांच में आए अहम तथ्य – घटना का मूल स्थान घरघोड़ा थाना क्षेत्र होने के कारण रायगढ़ कोतवाली से शिकायत प्राप्त होने के बाद मामला घरघोड़ा स्थानांतरित किया गया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 334/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 61(2), 49, 123 एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
पुलिस की पूछताछ और जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल और गायत्री मानिकपुरी पूर्व में प्रेम संबंध में थे। पुलिस के अनुसार, दोनों ने मिलकर पीड़िता को झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के बहाने घरघोड़ा बुलाने तथा अभिमंत्रित जल बताकर नींद की दवा मिला पानी पिलाकर बेहोश करने की योजना बनाई थी। इसके बाद चंद्र कुमार ने कथित तौर पर पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया।
मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद घरघोड़ा पुलिस ने 8 नवंबर 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उप निरीक्षक खेमराज पटेल एवं पुलिस स्टाफ ने आरोपियों की पतासाजी, गिरफ्तारी और विवेचना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
गिरफ्तार आरोपी
- चंद्र कुमार जायसवाल (45 वर्ष) पिता स्व. दाताराम जायसवाल, निवासी ग्राम टांडीपार, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़। वर्तमान पता अस्पताल पारा, प्रहलाद सिदार का किराये का मकान, लैलूंगा, जिला रायगढ़।
- गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत (39 वर्ष) पति निर्मल मानिकपुरी, निवासी ग्राम गेरसा सुकवासीपारा, थाना धरमजयगढ़, जिला रायगढ़।
एसएसपी की अपील : अंधविश्वास के जाल में न फंसें – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अंधविश्वास, झाड़-फूंक और चमत्कार के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार के शोषण, धोखाधड़ी अथवा आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
संदेश साफ है – बीमारी का इलाज और विवाह की समस्या दूर करने के नाम पर किसी की मजबूरी का फायदा उठाने वालों से सतर्क रहें। अंधविश्वास के नाम पर होने वाला शोषण अपराध है, इसे चुपचाप सहने के बजाय पुलिस तक पहुंचाएं।




