कटरा के घने जंगल में सजी थी 52 पत्तों की महफ़िल: पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त स्ट्राइक, 9 जुआरी दबोचे; ब्रेजा कार, 11 बाइक और नगद रकम जब्त…

जांजगीर-चांपा। जंगल की आड़ में बेखौफ चल रहे जुए के बड़े अड्डे पर जांजगीर-चांपा पुलिस ने करारा प्रहार किया है। पंतोरा क्षेत्र के कटरा जंगल में चल रहे जुए के फड़ पर पंतोरा पुलिस और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सुनियोजित घेराबंदी कर अचानक दबिश दी। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से जुआरियों में भगदड़ मच गई, लेकिन मुस्तैद जवानों ने चारों तरफ से घेरकर 9 आरोपियों को रंगे हाथ धर दबोचा।
नकदी, लग्जरी कार और 11 दोपहिया जब्त – रेड के दौरान पुलिस ने फड़ और आरोपियों के पास से जुए में इस्तेमाल की जा रही भारी संपत्ति बरामद की है:
- नकदी रकम: ₹47,500 नगद
- चारपहिया वाहन: 1 विटारा ब्रेजा कार
- दोपहिया वाहन: 11 मोटरसाइकिलें
- मोबाइल फोन: 8 स्मार्टफोन
कई जिलों से दांव लगाने पहुंचे थे जुआरी : पकड़े गए जुआरियों में स्थानीय लोगों के साथ-साथ बिलासपुर और बलौदाबाजार के जुआरी भी शामिल हैं, जो जंगल को सेफ जोन मानकर दांव लगा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की सूची:
- दीपक राय — बलौदाबाजार
- रूपचंद्र रात्रे — सीपत (बिलासपुर)
- मयंक शर्मा — उसलापुर (बिलासपुर)
- संजू कुमार सूर्यवंशी — रसौटा (पामगढ़)
- रमेश कुमार — झूलन पकरिया
- सुरेंद्र लहरे — रसौटा
- साहिल लहरे — रसौटा
- सुनील सिंह ठाकुर — कोटमीसोनार
- विशाल सिंह ठाकुर (24 वर्ष) — कोटमीसोनार (अकलतरा)
छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत शिकंजा – पुलिस ने सभी 9 आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत विधिवत अपराध पंजीबद्ध किया है। जब्त वाहनों और मोबाइलों के संबंध में भी विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के सटोरियों और जुआ माफियाओं में हड़कंप मच गया है।




