महामाया माइंस में धड़ल्ले से फल-फूल रहा सट्टे का अवैध कारोबार, एसपी की सख्ती के बीच थाना क्षेत्र में खुली छूट?

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। जिले के कड़क पुलिस अधीक्षक की सख्त पाबंदियों के बावजूद महामाया थाना क्षेत्र इन दिनों अपराधियों और सटोरियों के लिए महफूज पनाहगाह बनता जा रहा है। डौंडी तहसील अंतर्गत महामाया माइंस के सघन और व्यस्त इलाके में सट्टे का एक ऐसा काला कारोबार चल रहा है, जो भोले-भाले मजदूरों और ग्रामीणों की मेहनत की गाढ़ी कमाई को पलभर में लील रहा है। कानून के पहरेदारों की कथित आंख मूंदने की नीति के कारण यह अवैध नेटवर्क बेखौफ अपने पैर पसार चुका है।

बालोद जिले के प्रशासनिक गलियारों में जहाँ एसपी किरण गंगाराम चव्हाण की सख्त कार्यशैली के चलते अवैध कारोबारियों में खौफ का माहौल है और अधिकांश क्षेत्रों में अपराधों पर नकेल कसी जा चुकी है, वहीं महामाया थाना क्षेत्र का परिदृश्य इसके बिल्कुल विपरीत नजर आ रहा है। यहाँ कानून के रखवालों की सुस्त कार्यप्रणाली और स्थानीय थाना प्रभारी की उदासीनता के चलते सटोरिए पूरी तरह बेखौफ होकर अपनी जड़े जमा चुके हैं।

इस अवैध धंधे का मुख्य केंद्र महामाया माइंस की ओर जाने वाला वह मार्ग बना हुआ है, जो प्रसिद्ध महामाया मंदिर की तरफ मुड़ता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी सामरिक और व्यस्त रास्ते पर दल्ली राजहरा के पुराना बाजार इलाके का शातिर सटोरियों का गिरोह सक्रिय रहता है। ये लोग हाथ में कॉपी, पेन और मोबाइल लेकर अंकों का एक ऐसा खतरनाक जाल बुनते हैं, जिसमें फँसकर ग्रामीण और दूर-दराज से रोजी-रोटी की तलाश में आए बीएसपी खदान और उसके ठेके के गरीब मजदूर अपनी खून-पसीने की गाढ़ी कमाई को जुए के दांव पर हार जाते हैं।

बाहर से आकर अपनी और अपने परिवार की आजीविका चलाने वाले ये मजदूर अपनी दिनभर की थकान और मेहनत की गाढ़ी कमाई को इस अंको के खेल में इस कदर झोंक देते हैं कि अंततः उनके हाथ केवल निराशा और कंगाली ही लगती है। सटोरियों का यह नेटवर्क इतने शातिराना अंदाज में काम कर रहा है कि पुलिस की गश्त और खुफिया तंत्र को भी इसकी भनक न होना कई बड़े और गंभीर सवाल खड़े करता है।
एक तरफ जहाँ जिला मुख्यालय से अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कड़े निर्देश जारी हो रहे हैं, वहीं महामाया थाना प्रभारी की इस मामले में साजिशन चुप्पी या आँखें मूंद लेना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों और प्रबुद्ध नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इस गिरोह पर शिकंजा नहीं कसा गया, तो यह अवैध कारोबार न केवल कई परिवारों को सड़क पर ले आएगा, बल्कि क्षेत्र की कानून व्यवस्था को भी गहरी चुनौती देगा। अब देखना यह होगा कि इस सनसनीखेज खुलासे के बाद बालोद जिला पुलिस के उच्च अधिकारी महामाया थाना क्षेत्र के इस लापरवाह रवैये पर क्या कड़ा एक्शन लेते हैं।
महामाया माइंस क्षेत्र में अवैध सट्टा कारोबार संचालित होने की सूचना मिली है। इस संबंध में पुलिस पूरी तरह गंभीर है और क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जल्द ही इस सट्टा कारोबार का पूरी तरह से सफाया किया जाएगा और इसमें लिप्त सभी सट्टा कारोबारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
किरण गंगाराम चव्हाण,
पुलिस अधीक्षक (एसपी), बालोद




