लैलूंगा : गुरु का आशीर्वाद लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना, भुईयांपानी में दीप महोत्सव में हुए शामिल…

- लैलूंगा के भुईयांपानी स्थित गुरुधाम में पत्नी कौशल्या साय के साथ की पूजा-अर्चना, गुरु गद्दी के दर्शन कर लिया आशीर्वाद…
- 7 लाख रुपये की लागत से निर्मित सांस्कृतिक मंच का किया लोकार्पण, भुईयांपानी और सिरकीनारा के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं…
रायगढ़। 9 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सोमवार को रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड के ग्राम भुईयांपानी में आयोजित दीप महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ गुरुधाम पहुंचे, जहां उन्होंने अपने आराध्य गुरुदेव स्वामी धनपती पंडा जी एवं श्रीमती प्रेमशीला पंडा की प्रतिमाओं के समक्ष श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने गुरु गद्दी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों की सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने गुरुधाम परिसर स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही हनुमान मंदिर, वटवृक्ष एवं मां दुर्गा मंदिर में भी विधि-विधान से पूजा की। दीप महोत्सव के अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपोत्सव का पावन पर्व प्रत्येक घर में उजियारा और हर व्यक्ति के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं प्रेम का प्रकाश लेकर आए। गुरुदेव का आशीर्वाद सदैव सभी पर बना रहे।
गुरु के आशीर्वाद को जनसेवा की सबसे बड़ी प्रेरणा बताया – मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि गुरुदेव स्वामी धनपती पंडा जी के प्रति उनका गहरा आध्यात्मिक एवं भावनात्मक जुड़ाव रहा है। महज दस वर्ष की आयु से ही वे गुरुदेव के अनुयायी हैं। जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों और निर्णयों से पहले गुरु का आशीर्वाद लेना उनकी परंपरा रही है। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी वे पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ गुरु-शिष्य परंपरा का निर्वहन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गुरुदेव के सान्निध्य ने उन्हें सेवा, सादगी और समर्पण का मार्ग दिखाया है। उनके संस्कारों एवं आशीर्वाद से ही वे जनसेवा के पथ पर आगे बढ़ पाए हैं। गुरुदेव ने उन्हें यह शिक्षा दी है कि माता-पिता ही हमारे सबसे बड़े गुरु होते हैं। उनकी सेवा और सम्मान से ही जीवन में सच्चा आनंद एवं पूर्णता प्राप्त होती है।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार का लक्ष्य – मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का मूल उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने के संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से गरीब परिवारों का पक्के मकान का सपना साकार हो रहा है। सरकार का संकल्प है कि कोई भी पात्र परिवार पक्के आवास से वंचित न रहे। वहीं महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ परिवार के निर्णयों में उनकी भागीदारी भी बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद से मुक्त छत्तीसगढ़ अब शांति, विश्वास और विकास के नए युग की ओर आगे बढ़ रहा है। भूमिहीन कृषि मजदूर सहायता योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल देने के साथ श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है।
महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण पर जोर – मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महिलाओं को स्व-सहायता समूहों के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत लोगों को घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे बिजली बिल में बचत के साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में उद्योग, निवेश और अधोसंरचना के विकास के माध्यम से रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। नई औद्योगिक नीति से राज्य में निवेश की संभावनाओं का विस्तार हुआ है। सरकार का लक्ष्य विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करना है, जहां प्रत्येक गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़े और हर परिवार के जीवन में खुशहाली आए।
ई-गवर्नेंस और पारदर्शी प्रशासन को मिल रहा बढ़ावा – मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन एवं प्रशासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनसुलभ बनाने के लिए ई-गवर्नेंस प्रणाली को बढ़ावा दिया जा रहा है। भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है, वहीं सेवा सेतु पोर्टल के जरिए विभिन्न शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि इन व्यवस्थाओं से आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं के लिए आवेदन करने में सहूलियत मिल रही है और प्रशासनिक प्रक्रिया अधिक सरल एवं पारदर्शी बन रही है।
7 लाख रुपये की लागत से बने सांस्कृतिक मंच का लोकार्पण – दीप महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने ग्राम भुईयांपानी में मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की योजना के अंतर्गत 7 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सांस्कृतिक मंच का लोकार्पण किया। इस मंच के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
कार्यक्रम में ग्रामीणों की मांगों पर मुख्यमंत्री ने भुईयांपानी के विभिन्न धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें शिव मंदिर, गुरुमाता मंदिर, वटवृक्ष प्रांगण एवं हनुमान मंदिर में स्टील रेलिंग, स्टील जाली और टाइल्स लगाने के कार्य शामिल हैं।
सिरकीनारा में सीसी रोड और बोरवेल निर्माण की घोषणा – मुख्यमंत्री ने ग्राम सिरकीनारा के विकास को लेकर भी कई घोषणाएं कीं। उन्होंने पंचराम भगत के घर से मुख्य मार्ग तक तथा पंचायत भवन से मेहत्तर सिदार के घर तक सीसी रोड निर्माण कराने की घोषणा की। इसके अलावा गांधी चौक में बोरवेल एवं पंप स्थापना का कार्य भी कराया जाएगा।
इन घोषणाओं से दोनों गांवों में धार्मिक स्थलों की सुविधाओं के विस्तार, आवागमन की बेहतर व्यवस्था और पेयजल उपलब्धता को मजबूती मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की आवश्यकताओं को रखा, जिस पर उन्होंने विकास कार्यों के लिए सकारात्मक पहल की।
सिरकीनारा पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों ने किया आत्मीय स्वागत – इससे पहले मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड के ग्राम सिरकीनारा स्थित स्कूल मैदान में बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचे। मुख्यमंत्री के आगमन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दीपक सिदार, पूर्व मंत्री श्री सत्यानंद राठिया, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
भुईयांपानी में आयोजित दीप महोत्सव धार्मिक आस्था, गुरु-शिष्य परंपरा और क्षेत्रीय विकास के संकल्प का संगम बना। मुख्यमंत्री की घोषणाओं से भुईयांपानी एवं सिरकीनारा में बुनियादी सुविधाओं और सामुदायिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।




