तेज रफ्तार हाइवा ने ली 35 वर्षीय युवक की जान, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम; मुआवजे और सुरक्षा की मांग पर अड़े ग्रामीण…

रायपुर। आरंग-भिलाई मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश की लहर फैल गई। गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर चम्पारण रोड स्थित नयापारा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
नहाने जा रहे युवक को हाइवा ने कुचला, मौके पर तोड़ा दम – प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार सुबह करीब 6 बजे हुआ। मृतक की पहचान मनोज धीवर (35 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनोज सुबह नहाने के लिए जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मनोज ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर फैलते ही इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
मुआवजे और भारी वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने की मांग – हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने सुबह से ही चम्पारण रोड पर मोर्चा खोलते हुए चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए और मुख्य मार्ग पर बेलगाम दौड़ रहे भारी वाहनों की रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जाए। ग्रामीणों ने सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की भी मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति न हो।
मौके पर पहुंचा प्रशासन, भारी पुलिस बल तैनात – चक्काजाम और ग्रामीणों के आक्रोश की सूचना मिलते ही आरंग तहसीलदार सहित पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाइश देने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
फिलहाल ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। इस चक्काजाम के चलते मार्ग पर आवागमन प्रभावित है और प्रशासन स्थिति को संभालने में जुटा हुआ है।




