रायगढ़ में जुए के दो बड़े अड्डों पर पुलिस का ‘ऑपरेशन अंकुश’! 29 जुआरी गिरफ्तार, ₹9 लाख से ज्यादा कैश बरामद…

- रानीसागर में 19 और तारापुर में 10 जुआरी पकड़ाए, लाखों के दांव पर चल रही थी ताश की बाजी; पुलिस की दबिश से मचा हड़कंप…
रायगढ़। जिले में जुआरियों के हौसले किस कदर बुलंद थे, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लाखों रुपये का जुआ खुलेआम संचालित हो रहा था। कहीं पुरानी फैक्ट्री की बाउंड्रीवाल के भीतर स्ट्रीट लाइट की रोशनी में ताश पर दांव लग रहे थे, तो कहीं मोमबत्ती जलाकर जुए की महफिल सजी हुई थी। लेकिन इस बार जुआरियों की चालाकी काम नहीं आई। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर रायगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत दोनों जुआ फड़ों पर एक साथ धावा बोल दिया। कार्रवाई में कुल 29 जुआरी गिरफ्तार हुए और ₹9,00,500 की नकदी जब्त की गई।
पुलिस की इस सुनियोजित कार्रवाई से जुआरियों में हड़कंप मच गया। खरसिया थाना क्षेत्र के रानीसागर में पुलिस ने 19 जुआरियों को दबोचा, जबकि कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में 10 जुआरी पुलिस के हत्थे चढ़े। दोनों जगहों से ताश की गड्डियां और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
रानीसागर में फैक्ट्री की बाउंड्रीवाल के भीतर सजी थी लाखों की महफिल – खरसिया के रानीसागर स्थित पुरानी हेक्सा फैक्ट्री की बाउंड्रीवाल के भीतर स्ट्रीट लाइट के नीचे जुए का फड़ संचालित हो रहा था। यहां खरसिया और घरघोड़ा क्षेत्र के जुआरी दो पत्ती ताश पर रुपये-पैसों का दांव लगा रहे थे। सूचना मिलते ही विशेष पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन टीम ने मौके से 19 जुआरियों को पकड़ लिया।
इस कार्रवाई में पुलिस ने ₹6,07,400 नगद, दो गड्डी ताश और एक प्लास्टिक बोरी जब्त की। पकड़े गए सभी 19 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई।
तारापुर में मोमबत्ती की रोशनी में चल रहा था जुए का खेल – दूसरी कार्रवाई कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में हुई। यहां एचपी गैस एजेंसी के पास दीवार किनारे मोमबत्ती की रोशनी में ताश के पत्तों पर दांव लगाए जा रहे थे। पुलिस टीम ने अचानक घेराबंदी कर रेड की तो मौके पर भगदड़ मच गई। कुछ जुआरी भागने में सफल रहे, लेकिन 10 लोगों को पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ लिया।
यहां से पुलिस ने ₹2,93,100 नगद और 52 पत्ती ताश की गड्डी जब्त की। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध भी जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
एसएसपी के निर्देश पर बनी थी विशेष टीम – पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में की गई। सीएसपी राहुल उइके और ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने दोनों स्थानों पर सुनियोजित तरीके से एक साथ दबिश देकर जुआरियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
एसएसपी की दो टूक – जुआ-सट्टे के खिलाफ जारी रहेगा अभियान – एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन अंकुश’ लगातार जारी रहेगा। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
29 गिरफ्तारियां और ₹9 लाख से अधिक की जब्ती के साथ रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई ने अवैध जुआ कारोबारियों को कड़ा संदेश दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई में दोनों थाना क्षेत्रों की टीमों सहित विशेष पुलिस बल की अहम भूमिका रही।




