
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में कुदरत के कहर से एक दुखद हादसा सामने आया है। डौण्डी तहसील क्षेत्र में दल्ली राजहरा के समीप नेशनल हाईवे 930 से लगे ग्राम पथराटोला में बुधवार दोपहर मूसलाधार बारिश के दौरान अचानक गाज (आकाशीय बिजली) गिरने से खेत में काम कर रही एक महिला किसान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस भयावह घटना में तीन अन्य महिलाएं भी गंभीर रूप से झुलस गई हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना दोपहर लगभग 2 बजे के आसपास की है। क्षेत्र में अचानक तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई थी। इसी दौरान गड़गड़ाहट के साथ गिरी आकाशीय बिजली की सीधी चपेट में पास ही मौजूद चार ग्रामीण आ गए। आकाशीय गाज का प्रभाव इतना तेज था कि 45 वर्षीया अनुसूईया बाई (पति ज्योति राम मसिया) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पूरे गांव में अफ़रा-तफ़री और चीख-पुकार मच गई।
इस आपदा में तीन अन्य ग्रामीण महिलाएं— रमेश्वरी बाई (पति बीरबल सहारे), शिव बाई (पति स्व. उत्तम कोठारी) और कालिंद्री बाई (पति जगन्नाथ पिस्दा) बुरी तरह से घायल हो गईं। घटना घटते ही आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी पीड़ितों को संभाला और आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए चिखलाकसा के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल, डॉक्टरों की टीम घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है, हालांकि सभी की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
हादसे की सूचना तुरंत दल्ली राजहरा थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की पंचनामा कार्रवाई में जुट गई है। इस अप्रत्याशित घटना के बाद से ही गांव पथराटोला और आसपास के इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है, वहीं शोकाकुल परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।




