बीजापुर में शिक्षा का मंदिर शर्मसार : एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्राओं से छेड़छाड़, CM के कड़े तेवर के बाद कंप्यूटर शिक्षक पर POCSO एक्ट दर्ज…

बीजापुर। रूद्राराम स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में शिक्षा के नाम पर घिनौनी करतूत सामने आई है। विद्यालय की 7 नाबालिग छात्राओं के साथ कथित बैड टच और छेड़छाड़ की घटना से हड़कंप मच गया है। मामला उजागर होते ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कड़ा रुख अख्तियार किया, जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी कंप्यूटर शिक्षक देवेंद्र दय्या के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
‘दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा’ : मुख्यमंत्री साय का सख्त निर्देश – घटना की भनक लगते ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीजापुर कलेक्टर को तत्काल कठोर दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। सीएम ने दो टूक शब्दों में कहा कि बालिकाओं की अस्मिता से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश भर के सभी बालिका छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था की आपात समीक्षा करने तथा कलेक्टर्स को नियमित ग्राउंड इंस्पेक्शन करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
शिकायत में खौफनाक खुलासे : कंप्यूटर शिक्षक की गंदी नीयत – पीड़िता की मां की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 14 वर्षीय छात्रा को कंप्यूटर शिक्षक देवेंद्र दय्या ने गलत नीयत से आपत्तिजनक तरीके से स्पर्श किया और छेड़छाड़ की। आरोप है कि आरोपी शिक्षक लगातार अलग-अलग मौकों पर छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार और छेड़छाड़ का प्रयास करता रहा, जिसका बालिकाओं ने कड़ा विरोध किया।
POCSO और BNS की संगीन धाराओं में अपराध दर्ज – भोपालपटनम पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी शिक्षक देवेंद्र दय्या के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट 2012 की सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विवेचना तेजी से आगे बढ़ रही है और आरोपी के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। आवासीय परिसर में हुई इस करतूत के बाद अब अभिभावकों में भारी आक्रोश है और हॉस्टल प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

