रायगढ़

लैलूंगा : गेट खुला रहने पर विवाद, खाकी वर्दी में मौजूद लोगों ने बुजुर्ग को जबरन कार में बैठाया; वीडियो वायरल होने से हड़कंप…

रायगढ़। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम राजपुर स्थित पुटुपारा में एक मामूली बात को लेकर विवाद गहरा गया, जहाँ खाकी वर्दीधारी पुलिसकर्मियों और उनके साथियों पर एक बुजुर्ग के साथ कथित तौर पर बदसलूकी करने तथा उन्हें जबरन कार में बैठाकर ले जाने का गंभीर आरोप लगा है। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वर्दीधारी और सादे कपड़ों में मौजूद लोग बुजुर्ग को जबरन कार में बैठाते और वहां मौजूद लोगों से बहस करते नजर आ रहे हैं।

दुकान के पास गेट खुला रहने पर शुरू हुआ विवाद – प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुटुपारा में दुकान के पास सड़क किनारे धान से लदी गाड़ि खड़ी थीं। दुकान के सामने परछी (बरामदे) में बुजुर्ग शिवचरण गुप्ता बैठे हुए थे और मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे। इसी दौरान गाड़ी का मुख्य गेट खुला रह गया था।

सड़क से गुजर रही एक सफेद रंग की वैगनआर कार (क्रमांक CG 13 AM 0302) में सवार लोगों ने हार्न बजाना शुरू किया। जब तक  कर्मचारी धान लेकर पहुंचा और गेट बंद करने लगा, तब तक कार सवार लोग बाहर निकल आए और गेट खुला होने की बात को लेकर बुजुर्ग पर भड़क गए।

खाकी वर्दी की हनक और बदसलूकी का आरोप – प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कार में खाकी वर्दी पहने पुलिसकर्मी के साथ अन्य साथी सवार थे। उन्होंने खुद को पुलिस और बड़ा अफसर बताते हुए बुजुर्ग शिवचरण गुप्ता के साथ तीखी बहस, बदसलूकी और हुड़दंगबाजी शुरू कर दी। बुजुर्ग द्वारा अपनी बात रखने पर भी वे शांत नहीं हुए और आक्रोश जताते रहे।

बुजुर्ग को जबरन कार में बैठाकर ले गए, रास्ते में छोड़ा – विवाद बढ़ने पर वर्दीधारी और उनके साथियों ने बुजुर्ग शिवचरण गुप्ता को जबरन कार (CG 13 AM 0302) की पिछली सीट पर बैठा लिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ जुटने के बावजूद कार सवार बुजुर्ग को गाड़ी में बैठाकर मौके से रवाना हो गए। पीड़ित पक्ष के अनुसार, बुजुर्ग को कुछ दूर आगे ले जाकर कलार दुकान के पास उतारा गया। आरोप यह भी लगाया जा रहा है कि इस दौरान उनसे पैसों की मांग या वसूली जैसी स्थिति भी बनी।

वीडियो सामने आने के बाद आक्रोश – घटना के दौरान मौके पर मौजूद राहगीरों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब तेजी से सामने आ रहा है। वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि सड़क पर गाड़ियों की आवाजाही के बीच खाकी वर्दी पहने शख्स और उनके साथी बुजुर्ग को कार में जबरन बैठा रहे हैं। इस घटना को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश है और ग्रामीणों द्वारा मामले में निष्पक्ष जांच तथा जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है।

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!