हैवानियत की हदें पार! लैलूंगा में माँ-बेटी का हत्यारा गिरफ्तार, दुष्कर्म के बाद ईंट से कूचकर ली थी जान…अब जेल…

रायगढ़। जिले के लैलूंगा में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक जघन्य वारदात का खुलासा हुआ है। ग्राम छापरपानी में एक 35 वर्षीय महिला और उसकी महज़ 10 माह की मासूम बेटी की निर्मम हत्या की गुत्थी को रायगढ़ पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड और दुष्कर्म के आरोप में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है, जिसे अब ‘हैवान’ कहना भी कम लग रहा है।
शादी की बात से इनकार पर भड़का दरिंदा, ईंट से वार कर उतारा मौत के घाट – गिरफ्तार आरोपी का नाम भिखारीराम नागवंशी (65 वर्ष) है, जो ग्राम कोड़ासिया का रहने वाला है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी भिखारीराम उस महिला से शादी करना चाहता था। उसने कई बार इस बारे में प्रस्ताव भी रखा था, जिसे महिला ने ठुकरा दिया था।
15 जुलाई की रात, भिखारीराम उसी ‘बोर मकान’ पहुँचा जहाँ महिला अपनी मासूम बच्ची के साथ सो रही थी। उसने एक बार फिर महिला से शादी की बात की। महिला ने फिर से साफ़ इनकार कर दिया, जिसके बाद आरोपी का पारा सातवें आसमान पर पहुँच गया। वह इस कदर भड़क गया कि उसने वहां रखी एक भारी ईंट उठा ली और महिला के सिर पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। ईंट के प्रहारों से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और बेहोश हो गई।
बेहोश महिला से दुष्कर्म, मासूम के रोने पर गला घोंट दिया -दरिंदगी यहीं नहीं रुकी। महिला के बेहोश होने के बाद आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसी बीच, पास में सो रही उसकी 10 माह की बेटी रोने लगी। दरिंदे ने उसे भी नहीं बख्शा। मासूम को रोते हुए देखकर उसने पहले उसका गला दबाया और फिर ईंट से मारकर उसकी जान ले ली। इस वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से भाग निकला और अपने खूनी कपड़ों को छिपा दिया।
पुलिस के फंदे में फंसा ‘हैवान’, मनोवैज्ञानिक पूछताछ में उगला सच – एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने के लिए एडी-चोटी का जोर लगा दिया। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण सुराग जुटाए और कई संदिग्धों से पूछताछ की। इसी बीच, आरोपी भिखारीराम के हाथ पर चोट का निशान पुलिस की नज़र में आया। संदेह के आधार पर उसे पहले भी बुलाया गया था, लेकिन उसने पुलिस को गुमराह किया।
कड़ी और वैज्ञानिक व मनोवैज्ञानिक पूछताछ के बाद वह आखिर टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात के समय पहनी गई खून से सनी धोती भी बरामद कर ली है। आरोपी पर हत्या (धारा 103(1) BNS) और दुष्कर्म (धारा 64, 66 BNS) की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम को एसएसपी ने थपथपाई पीठ, कहा- “महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों को बख्शा नहीं जाएगा”
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने इस जघन्य दोहरे हत्याकांड के सफल खुलासे के लिए लैलूंगा पुलिस टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि “21 दिन में इस पेचीदा मामले को सुलझाना टीमवर्क, धैर्य और वैज्ञानिक विवेचना का परिणाम है।” उन्होंने यह स्पष्ट संदेश भी दिया कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ गंभीर अपराधों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।




