घर में घुसकर जानलेवा हमला : देवरी पुलिस ने छह आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद/देवरी। थाना देवरी अंतर्गत चौकी पिनकापार क्षेत्र के ग्राम सम्बलपुर (नाहंदा) में देर रात परिवार के साथ सो रहे गौकरण साहू पर अज्ञात आरोपियों ने घर में घुसकर लाठी व डंडे से जानलेवा हमला किया। गंभीर रूप से घायल गौकरण साहू को परिजनों ने त्वरित अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। इस घटना के बाद थाना देवरी व साइबर सेल की टीम ने एक विशेष कार्रवाई में भिलाई से 24 घंटे के भीतर कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामले की जांच के निर्देशन पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग (रेंज) अभिषेक शांडिल्य, पुलिस अधीक्षक जिला बालोद योगेश पटेल के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमति मोनिका ठाकुर व उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) बालोद श्रीमति श्रुती सिंह के पर्यवेक्षण में की जा रही है। थाना प्रभारी मनीष शेंडे के नेतृत्व में थाना स्टाफ, फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल ने घटनास्थल का त्वरित निरीक्षण कर आवश्यक तकनीकी साक्ष्य व आसपास के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिए। आरोपियों के विरुद्ध प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना देवरी में अपराध क्रमांक 101/2026, धारा 109, 332(2), 191(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना आरंभ की गई।

जांच में सामने आया कि घटना की रात लगभग दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर कुल छह लोग मरोदा होते हुए सम्बलपुर पहुंचे। शुरुआती पूछताछ और फुटेज के आधार पर भानुप्रताप जैन निवासी खपराभाट को संदिग्ध मानकर हिरासत में लिया गया। गहन पूछताछ में भानुप्रताप ने स्वीकार किया कि वह अन्य साथियों के साथ घटना स्थल गया था। आरोपी ने बताया कि उसने गौकरण साहू के साथ पुराने रंजिश के चलते तथा अपमान की भावना से बदले की योजना बनाई थी। आरोप है कि करीब डेढ़ साल पूर्व हुए किसी विवाद के बाद गौकरण साहू ने भानुप्रताप के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराई थी, जिसके कारण भानुप्रताप को उसके माता-पिता ने टंकी मडौदा जाकर अपने नानी के घर रहने भेजा था। बावजूद इसके भानुप्रताप ने बदला लेने की नियत रखी और 30 जून 2026 की रात अपने छह साथियों के साथ योजनाबद्ध तरीके से घटना को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, टीम ने बताया कि दो आरोपी घर के बाहर पैनी निगरानी रखे हुए थे, जबकि चार लोग घर के अंदर घुसे और सोए हुए गौकरण साहू पर बांस के डंडे व लकड़ी के राफ्टर से कई बार वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वार की आवाज से गौकरण साहू की 13 साल की पुत्री जाग गई, जिसे देखकर आरोपियों में से भानुप्रताप, दिनेश, दीपेश, कुंदन, नीरज व तुषार वहां से भाग निकले। बच्ची छोटी होने के कारण आरोपियों का सटीक हुलिया नहीं बता पाई, फिर भी जांच टीम ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जानकारी के आधार पर सघन पड़ताल कर भिलाई व मरोदा में दबिश देकर सभी आरोपियों को पकड़ा।
घटना में प्रयुक्त सभी आलजरब तथा मोटर साइकिल व स्कूटी आरोपियों के कब्जे से जप्त कर लिए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को कानूनी कार्यवाही के तहत न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की प्रक्रिया अधीनस्थ है। थाना देवरी की टीम और साइबर सेल द्वारा अभियुक्तों की गहनता से पूछताछ जारी है ताकि घटना के अन्य पहलुओं तथा संभावित साजिशकारों की जानकारी प्राप्त की जा सके।
गिरफ्तार आरोपियो के नाम व पता-
- भानूप्रताप जैन पिता युवराज जैन उम्र 18 साल निवास खपराभाट हाल अम्बेडकर चौक टंकी मडौदा थाना नेवई, जिला दुर्ग।
- नीरज रस्तोगी पिता स्व. अमित रस्तोगी उम्र 18 साल निवासी गौरी गौरा चौक टंकी मडौदा थाना नेवई, जिला दुर्ग।
- तुषार निर्मलकर पिता कुमार निर्मलकर उम्र 20 साल निवासी बजरंग चौक टंकी मडौदा थाना नेवई जिला दुर्ग।
- दिनेश ढीमर पिता स्व. पुसऊ ढीमर उम्र 25 साल निवासी गौरी गौरा चौक टंकी मडौदा थाना नेवई जिला दुर्ग।
- कुंदन यादव यादव पिता संतोष यादव उम्र 18 साल निवासी गणेश चौकी टंकी मडौदा थाना नेवई जिला दुर्ग।
- दीपेश पटेल पिता जीतूराम पटेल उम्र 18 साल निवासी बहेराभाठा थाना देवरी जिला बालोद
आरोपियो की पतासाजी व गिरफ्तारी मे थाना प्रभारी देवरी उप निरीक्षक मनीष शेण्डे, सउनि रामप्रसाद गजभिए, राजेश ठाकुर, खेमलाल ठाकुर, प्र.आर. थलेश्वर सुधाकर, मलेश्वर नेताम, आरक्षक दिलीप बर्मन, संतोष खुटेल, भूपतदास मानिकपुरी, सायबर सेल प्रभारी सउनि धरम भूआर्य, प्र.आर. भुनेश्वर मरकाम, विवेक शाही, आरक्षक विपिन गुप्ता, राहुल मनहरे, भोपसिंह साहू, संदीप यादव, आकाश दुबे, पुरन देवांगन, मिथलेश यादव, योगेश पटेल, गुलजारी साहू की सराहनीय भुमिका रही।




