होली से पहले रायगढ़ पुलिस का ‘हंटर’ : SSP ने ली 100 बदमाशों की क्लास, दो टूक कहा – “सुधर जाओ… वरना पछताओगे!”…

रायगढ़। शहर में अमन-चैन बिगाड़ने की कोशिश करने वाले बदमाशों के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह ने ‘अंतिम चेतावनी’ जारी कर दी है। गुरुवार को पुलिस कार्यालय में जब 100 से अधिक आदतन अपराधी, गुंडा-बदमाश और निगरानी बदमाश कतार में खड़े हुए, तो एसएसपी के कड़े तेवर देख सबके पसीने छूट गए। होली के त्यौहार से पहले पुलिस ने साफ कर दिया है कि अगर शहर में हुड़दंग या अपराध हुआ, तो खैर नहीं।
सुधर जाओ… वरना पछताओगे! – एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट लहजे में कहा कि थानों के रिकॉर्ड में दर्ज बदमाश अब अपराध से तौबा कर लें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “रायगढ़ पुलिस अपराध मुक्त समाज के लिए प्रतिबद्ध है। या तो समाज की मुख्यधारा में लौट आओ, या फिर कठोर वैधानिक कार्रवाई झेलने के लिए तैयार रहो।” एसएसपी ने बदमाशों को उनके पुराने कृत्यों पर पश्चाताप करने और भविष्य में ‘पुलिस का मददगार’ बनने की सीख दी, जिसके बाद वहां मौजूद बदमाशों ने ‘भारत माता की जय’ के नारे भी लगाए।
सुधार का हाथ : नशा मुक्ति और रोजगार का भरोसा – पुलिस का सख्त चेहरा दिखाने के साथ ही एसएसपी ने मानवीय पक्ष भी रखा। उन्होंने घोषणा की कि:
- नशा मुक्ति : जो अपराधी नशे की लत छोड़ना चाहते हैं, उन्हें पुनर्वास केंद्रों के माध्यम से मदद दी जाएगी।
- रोजगार : बेरोजगार बदमाशों को जिला प्रशासन के समन्वय से उनकी योग्यता अनुसार काम दिलाने का प्रयास होगा ताकि वे सम्मान से जी सकें।
- रिकॉर्ड क्लीनिंग : जिन लोगों के खिलाफ लंबे समय से कोई शिकायत नहीं है, उनके रिकॉर्ड के सत्यापन के निर्देश दिए गए हैं ताकि उन्हें बेवजह परेशानी न हो।
होली पर ‘स्पेशल नजर’ : होली पर्व को देखते हुए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। गुंडागर्दी, छेड़खानी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि में शामिल पाए जाने पर तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश थाना प्रभारियों को दिए गए हैं।
मौके पर मौजूद रहे आला अधिकारी : इस ‘पुलिसिया क्लास’ के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह, कोतवाली प्रभारी सुखनंदन पटेल सहित चक्रधरनगर, जूटमिल, कोतरारोड, पूंजीपथरा, खरसिया और पुसौर के थाना प्रभारी मौजूद रहे।
“हम सुधार का एक मौका दे रहे हैं, लेकिन कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।” – शशि मोहन सिंह, एसएसपी रायगढ़




