जशपुर

पत्नी ने की पति की हत्या, सुटकेस में रखकर भागी ट्रेन से – महाराष्ट्र में पकड़ाई?… जशपुर पुलिस करेगी बड़ा खुलासा!…

अपडेट (जशपुर पुलिस प्रेस नोट) :

• भिंजपुर में सूटकेस से मिली युवक की लाश, पत्नी पर हत्या का संदेह – पुलिस ने दर्ज किया मामला, तलाश में टीमें रवाना…

जशपुर। जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र के ग्राम भिंजपुर में एक व्यक्ति की लाश सूटकेस में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। प्रथम दृष्टया मामला पति की हत्या कर शव को सूटकेस में छिपाने का है, जिसमें मृतक की पत्नी को मुख्य आरोपी के रूप में चिन्हित किया गया है।

थाना दुलदुला में प्रार्थी विनोद मिंज (45 वर्ष), निवासी भिंजपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका छोटा भाई संतोष भगत (43 वर्ष) अपनी पत्नी के साथ अलग रहता था। संतोष भगत की पत्नी कुछ समय पहले मुंबई से गांव लौटी थी। 7 नवंबर को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपिया ने अपनी मंझली बेटी, जो कोरबा में रहती है, को फोन किया था। फोन पर बेटी को दोनों के बीच झगड़े की आवाज सुनाई दी, लेकिन बात अधूरी रह गई।

अगले दिन, 8 नवंबर को आरोपिया ने अपनी मंझली बेटी को दोबारा फोन कर बताया कि उसने अपने पति की हत्या कर दी है और शव को कंबल में लपेटकर सूटकेस में रख दिया है। यह सुनकर बेटी घबरा गई और 9 नवंबर को अपने पति के साथ गांव पहुंची। उसने यह बात अपने बड़े पिताजी विनोद मिंज को बताई, जिन्होंने तत्काल थाना दुलदुला में सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो घर के भीतर एक बड़ा गहरे लाल रंग का ट्रॉली सूटकेस मिला। गवाहों की मौजूदगी में सूटकेस खोलने पर उसके अंदर संतोष भगत का शव मिला, जो कंबल में लिपटा हुआ था। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस ने हत्या के लिए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की है। फिलहाल आरोपिया फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीम महाराष्ट्र रवाना की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। “आरोपिया की सरगर्मी से तलाश की जा रही है, और उसकी गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा,” उन्होंने कहा।

हत्या, सुटकेस और ट्रेन से भागने की यह कहानी किसी क्राइम थ्रिलर से कम नहीं है – पर यह हकीकत है, जिसने पूरे इलाके को सकते में डाल दिया है।

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!