जशपुर

वासुदेव बस में ‘जहर’ का सफर खत्म ! तपकरा पुलिस ने घेराबंदी कर बस के ड्राइवर-कंडक्टर और खलासी को पहुंचाया जेल, भारी मात्रा में कफ सिरप बरामद…

जशपुर। नशे के सौदागरों के खिलाफ जशपुर पुलिस ने एक बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। जशपुर से रायगढ़ जाने वाली एक यात्री बस के जरिए हो रही नशीली सिरप की तस्करी का तपकरा पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने न केवल 96,700 रुपये की प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की है, बल्कि बस के ड्राइवर, कंडक्टर और खलासी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

आधी रात को नाकाबंदी और धरपकड़ – यह पूरी कार्रवाई मुखबिर की सटीक सूचना पर अंजाम दी गई। 10 अप्रैल की रात करीब 11:45 बजे, जब पूरी दुनिया सो रही थी, तब तपकरा पुलिस मुख्य मार्ग पर जाल बिछाए खड़ी थी। जैसे ही वासुदेव बस (क्रमांक CG-13-Q-1800) वहां पहुंची, पुलिस ने उसे घेर लिया।

  • बरामदगी : बस की डिक्की में छिपाकर रखे गए 4 कार्टूनों से 480 बोतल “ऑनरेक्स” कफ सिरप (कोडीन युक्त) बरामद की गई।
  • कीमत : जब्त किए गए 48 लीटर नशीले घोल की बाजार में कीमत लगभग 96,720 रुपये आंकी गई है।

बिहार से रायगढ़ तक फैला ‘जहर’ का नेटवर्क – ​शुरुआत में आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और खुद को अनजान बताया। लेकिन जब पुलिसिया अंदाज में पूछताछ हुई, तो उन्होंने सच उगल दिया।

खुलासा : यह नशीला जखीरा बिहार के गया से लाया गया था और इसकी डिलीवरी रायगढ़ में की जानी थी। यात्री बस का उपयोग पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए किया जा रहा था।

गिरफ्तार किए गए ‘नशे के सारथी’ – पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 (C) के तहत मामला दर्ज कर निम्नलिखित आरोपियों को जेल भेज दिया है:

  • बसंत पटेल (33) – कंडक्टर (निवासी लैलूंगा, रायगढ़)
  • सतीश कुमार चौहान (45) – खलासी (निवासी जांजगीर)
  • भोला राम (46) – ड्राइवर (निवासी कुनकुरी, जशपुर)

बस जब्त, अब मास्टरमाइंड की बारी  – तस्करी में इस्तेमाल की गई बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट किया है कि यह सिर्फ शुरुआत है। पूछताछ में इस काले कारोबार के पूरे सप्लाई नेटवर्क का सुराग मिला है। पुलिस अब उन ‘बड़े चेहरों’ की तलाश में है जो बिहार से छत्तीसगढ़ तक नशे के इस जाल को ऑपरेट कर रहे हैं।

पुलिस की चेतावनी : “नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। हम इस नेटवर्क की जड़ तक जाएंगे।” – एसएसपी, जशपुर

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!