बिलासपुर में काल बनकर दौड़ी रफ्तार : शादी की खुशियां मातम में बदली, अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को रौंदा; एक की मौके पर मौत…

बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र में एक बेकाबू और तेज रफ्तार वाहन ने दो जिंदगियों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे का मंजर इतना खौफनाक था कि एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच अस्पताल में जंग लड़ रहा है। विडंबना देखिए, जिन हाथों में अपनों को न्योता देने के लिए शादी के कार्ड थे, वहां अब पुलिस पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर रही है।
खुशियां बांटने निकले थे, मिला मौत का बुलावा – जानकारी के मुताबिक, तखतपुर क्षेत्र के ग्राम दर्रीकापा निवासी परसराम पोर्ते (50) और उनके रिश्तेदार भरत सिंह ध्रुव (45) के परिवार में जल्द ही शहनाइयां बजने वाली थीं। रविवार को दोनों अपनों को इस खुशी में शामिल करने के लिए घर से शादी का कार्ड बांटने निकले थे। दोपहर के वक्त जब वे चोरभट्ठी से वापस अपने गांव लौट रहे थे, उन्हें जरा भी इल्म नहीं था कि रास्ते में ‘काल’ उनका इंतजार कर रहा है।
ओवरटेक के चक्कर में कुचल डाला – हादसा ग्राम नेवरा के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने लापरवाही पूर्वक ओवरटेक करने की कोशिश की और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान बेकाबू वाहन ने परसराम को बेरहमी से कुचल दिया, जिससे उनका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और घटनास्थल पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
अस्पताल में भर्ती है घायल, पुलिस को तलाश – राहगीरों की सूचना पर तत्काल कोटा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लहूलुहान हालत में पड़े भरत सिंह को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है। वहीं, मृतक परसराम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
“हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के ढाबों व रास्तों में लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।” – पुलिस प्रशासन
बड़ा सवाल : सड़कों पर बेलगाम दौड़ते भारी वाहन आखिर कब तक मासूमों की जान लेते रहेंगे? एक झटके में दो परिवारों की खुशियां बिखर गईं और घर में शादी की जगह अब मातम पसरा हुआ है।




