ससुराल वालों के सितम से हारा ‘किशोर’ : मारपीट, गर्भपात और ऑनलाइन उगाही के आरोपों के बीच युवक ने चुनी मौत…

रायगढ़। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम घुघवा में एक 27 वर्षीय नवविवाहित युवक की आत्महत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। यह केवल एक आत्महत्या नहीं, बल्कि प्रताड़ना की वो पराकाष्ठा है जिसने एक हंसते-खेलते परिवार के चिराग को बुझा दिया। मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना, मारपीट और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

विवाह के एक साल के भीतर ही बिखरा संसार – जानकारी के अनुसार, मृतक किशोर दास (27 वर्ष) का विवाह अप्रैल 2025 में पिरहा निवासी विलासिनी वैष्णव के साथ हुआ था। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पत्नी रायगढ़ में अलग रहने की जिद करने लगी। किशोर अपने वृद्ध माता-पिता को छोड़ने को तैयार नहीं था, और यही जिद गृहक्लेश का कारण बन गई। विवाद बढ़ने पर पत्नी मायके चली गई, जिसके बाद प्रताड़ना का खौफनाक दौर शुरू हुआ।
परिजनों के रोंगटे खड़े कर देने वाले आरोप – सोमवार को पुसौर थाना प्रभारी को सौंपे गए लिखित आवेदन में मृतक के पिता हुकुमदास वैष्णव ने जो खुलासे किए हैं, वे झकझोर देने वाले हैं :
- बिना मर्जी के गर्भपात : आरोप है कि ससुराल पक्ष ने किशोर की जानकारी के बिना ही उसकी पत्नी का गर्भपात करा दिया, जिससे वह गहरे सदमे में था।
- सरेराह मारपीट और लूट : परिजनों के अनुसार, 21 मार्च को जब किशोर ड्यूटी से लौट रहा था, तब कोतरा रोड के पास ससुराल वालों ने उसे घेरकर पीटा।
- डिजिटल उगाही : डरा-धमकाकर किशोर के मोबाइल से ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवाए गए। घर लौटकर किशोर ने रोते हुए यह आपबीती सुनाई थी।
- जान से मारने की धमकी : युवक और उसके माता-पिता को लगातार धमकियां दी जा रही थीं।
बैंक खातों की जांच से खुलेगा राज – रविवार सुबह 8 बजे जब किशोर का शव फांसी के फंदे पर मिला, तो गांव में मातम पसर गया। पिता हुकुमदास ने पुलिस से मांग की है कि :
- किशोर और उसकी पत्नी के बैंक स्टेटमेंट खंगाले जाएं ताकि वित्तीय उगाही की पुष्टि हो सके।
- आत्महत्या के लिए उकसाने वाले आरोपियों के खिलाफ अब BNS की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाए।
“मेरा बेटा उनकी धमकियों और प्रताड़ना से टूट चुका था। उसने मरने से पहले रोते हुए अपनी तकलीफ बताई थी। हमें सिर्फ और सिर्फ न्याय चाहिए।”
हुकुमदास वैष्णव, मृतक के पिता
पुलिसिया कार्रवाई : पुसौर पुलिस ने आवेदन स्वीकार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




