भ्रष्टाचार पर बड़ा प्रहार : मनेंद्रगढ़ नगर पालिका का ‘रिश्वतखोर’ अकाउंटेंट रंगे हाथ गिरफ्तार, CMO भी हिरासत में…

मनेंद्रगढ़ । प्रशासनिक गलियारों में भ्रष्टाचार की जड़ें कितनी गहरी हैं, इसका ताजा प्रमाण आज मनेंद्रगढ़ में देखने को मिला। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ के अकाउंटेंट को रिश्वत लेते रंगे हाथों धर दबोचा है। इस पूरे खेल के मास्टरमाइंड बताए जा रहे मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को भी टीम ने हिरासत में ले लिया है।

₹33,000 की किश्त लेते ही बिछाया जाल : खबर के मुताबिक, एक ठेकेदार के रुके हुए बिलों को पास करने के बदले CMO इसहाक खान ने ₹53,000 की बड़ी डिमांड की थी। सौदेबाजी के तहत ₹20,000 की पहली किश्त पहले ही दी जा चुकी थी। सोमवार को जैसे ही ठेकेदार शेष ₹33,000 लेकर CMO के आवास पर पहुँचा, भ्रष्टाचार का पर्दाफाश हो गया।
कार्रवाई का घटनाक्रम :
- निर्देश : CMO इसहाक खान ने पैसे लेने के लिए अकाउंटेंट सुशील भगत को इशारा किया।
- गिरफ्तारी : ठेकेदार से नगद राशि थामते ही पहले से मुस्तैद ACB की टीम ने अकाउंटेंट सुशील भगत को दबोच लिया।
- रंगे हाथ : अकाउंटेंट के हाथ केमिकल से धुलवाए गए, जो रिश्वत लेने की पुष्टि करते हुए गुलाबी हो गए।
प्रशासनिक महकमे में हड़कंप : ACB की इस ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ के बाद नगर पालिका और अन्य सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है। टीम ने न केवल अकाउंटेंट को गिरफ्तार किया है, बल्कि CMO इसहाक खान को भी हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि पूछताछ के दौरान भ्रष्टाचार के इस सिंडिकेट से जुड़े कई और सफेदपोश चेहरों से नकाब उतर सकता है।
ACB का सख्त संदेश : एसीबी के अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि जनता के पैसों पर डाका डालने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। भ्रष्टाचार के खिलाफ यह जंग आगे भी इसी आक्रामकता के साथ जारी रहेगी।



