सत्ता के नशे में चूर ‘पूर्व गृह मंत्री’ का बेटा: दुकान में घुसाई कार, पुलिस को दी औकात दिखाने की धमकी!… मामले में एक और FIR दर्ज…

कोरबा। छत्तीसगढ़ के पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर के बेटे संदीप कंवर ने बुधवार को कोरबा की सड़कों पर जो तांडव मचाया, उसने कानून-व्यवस्था और ‘खाकी’ के इकबाल पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। शराब के नशे में धुत मंत्री पुत्र ने न केवल एक गरीब की दुकान उजाड़ दी, बल्कि वर्दी का अपमान करते हुए थाने से ही फरार हो गया।
रफ्तार, शराब और ‘बाप’ का रसूख – घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के इतवारी बाजार की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, संदीप कंवर अपनी सफेद कार को मौत की रफ्तार से दौड़ाते हुए सीधे एक दुकान के भीतर जा घुसा। गनीमत रही कि उस वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसे के बाद जब स्थानीय लोगों ने विरोध किया, तो संदीप ने माफी मांगने के बजाय “देख लेने” की धमकी दी। मौके पर पहुंची पुलिस जब उसे थाने ले गई, तो वहां असली ‘हाई वोल्टेज ड्रामा’ शुरू हुआ।
“जो करना है कर लो…” – पुलिस की बेबसी? – कोतवाली थाने के भीतर संदीप कंवर ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि उसने ड्यूटी पर तैनात आरक्षक और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ न केवल गाली-गलौज की, बल्कि अपने पिता के रसूख का रौब दिखाते हुए कहा – “मेरा बाप गृह मंत्री रहा है, जो करना है कर लो।” हैरानी की बात यह है कि पुलिस की मौजूदगी में ही वह गाली-गलौज करते हुए अपनी गाड़ी लेकर थाने से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि:
- अल्कोहल मीटर से जांच में नशे की पुष्टि हुई है।
- शासकीय कार्य में बाधा और अभद्रता के लिए FIR दर्ज कर ली गई है।
कानून सबके लिए बराबर या रसूखदारों को छूट? – कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने पुष्टि की है कि आरक्षक की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या एक साधारण नागरिक भी पुलिस के साथ ऐसी बदतमीजी करके थाने से सुरक्षित बाहर निकल सकता था?




