खूनी रफ्तार का कहर : रायगढ़ में काल बना ट्रेलर, दो युवकों की दर्दनाक मौत…

रायगढ़। जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रायगढ़ रोड पर आज एक रूह कंपा देने वाला मंजर देखने को मिला। नलवा स्टील के समीप बेतरतीब रफ्तार और एक छोटी सी चूक ने दो घरों के चिराग बुझा दिए। बाइक सवार दो युवकों की ट्रेलर की चपेट में आने से मौके पर ही वीभत्स मौत हो गई।
ओवरटेक की कोशिश… और बिछ गई लाशें : मिली जानकारी के अनुसार, मौत का तांडव उस वक्त शुरू हुआ जब टाटा ट्रेलर (CG 12 S 6326) रायगढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल (CG 11 CF 8668) पर सवार दो युवक तेज रफ्तार में ट्रेलर को ओवरटेक करने की कोशिश करने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ओवरटेक के दौरान बाइक सवार अपना संतुलन खो बैठे। अनियंत्रित होकर बाइक सीधे चलते ट्रेलर के पिछले चक्कों के नीचे जा घुसी। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों युवकों का शरीर बुरी तरह कुचल गया और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
चीख-पुकार और अफरा-तफरी – हादसे के बाद सड़क पर खून से लथपथ लाशें देख राहगीरों के होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंची।
पुलिस की कार्रवाई जारी – पुलिस ने तत्काल शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
चेतावनी : यह घटना फिर से याद दिलाती है कि सड़कों पर भारी वाहनों के बीच ओवरटेक करना कितना जानलेवा साबित हो सकता है। आपकी एक सेकंड की जल्दबाजी उम्र भर का मातम दे सकती है।




