लैलूंगा पुलिस का जन-जागरूकता अभियान: बसंतपुर में जन चौपाल, हजारों ग्रामीणों की सहभागिता…

रायगढ़। लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जन-जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला लगातार आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में रविवार को ग्राम बसंतपुर में पुलिस जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान गांव में आयोजित विकासखंड स्तरीय सांसद खेल महोत्सव के कारण बड़ी संख्या में प्रतिभागियों और खेलप्रेमियों की उपस्थिति को देखते हुए पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया।

जन चौपाल में आसपास के करीब 20 गांवों से लगभग 1,000 ग्रामीण शामिल हुए। उपस्थित भीड़ को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी गिरधारी साव ने साइबर अपराध से बचाव, सड़क सुरक्षा और यातायात नियम, महिला सुरक्षा से जुड़े कानून, तथा नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने विशेष रूप से युवा वर्ग को नशे से दूर रहने, डिजिटल सतर्कता रखने और समाज में सुरक्षित तथा सकारात्मक माहौल बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान प्रधान आरक्षक नंदू पैकरा और आरक्षक विकास तिर्की समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्य सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल को सराहते हुए कहा कि ऐसे जन-जागरूकता अभियान से गांवों में सुरक्षा जागरूकता और जन-पुलिस विश्वास दोनों बढ़ते हैं।




