शिवलिंग पर अशोभनीय हरकत से भड़का माहौल, पथराव-तोड़फोड़ के बाद अशोक नगर में पुलिस का फ्लैग मार्च…

बिलासपुर। न्यायधानी के सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर इलाके में शुक्रवार देर रात माहौल अचानक हिंसक हो गया। हिंदू संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, एक मुस्लिम युवक ने दुर्गा मंदिर परिसर स्थित शिवलिंग में पेशाब कर धार्मिक आस्थाओं का घोर अपमान किया। घटना की भनक लगते ही गुस्साए लोग सड़कों पर उतर आए और देखते ही देखते पूरा इलाका तनाव की आग में झुलस उठा।
आरोपी हिरासत में, भीड़ का बेकाबू गुस्सा : आरोपी युवक का नाम अशरफ खान बताया जा रहा है, जिसे सरकंडा पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही शिवलिंग से छेड़छाड़ और अपमानजनक कृत्य की जानकारी फैली, लोग मंदिर के बाहर जुटने लगे। भीड़ ने उग्र होकर पास की मुस्लिम बस्ती पर पथराव कर दिया और कई घरों में तोड़फोड़ की। शीशे टूट गए, गलियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और महिलाएं-बच्चे सहमकर घरों में दुबक गए।
हालात काबू में लाने पुलिस की बड़ी मशक्कत :बढ़ते बवाल को देखते हुए सरकंडा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालात संभालने भारी पुलिस बल तैनात किया गया। रातभर अफरा-तफरी मची रही। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर डेरा डालकर हालात का जायजा लिया। तनाव की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इलाके में फ्लैग मार्च निकाला और अतिरिक्त बल तैनात कर दिया।
दहशत में स्थानीय बस्ती : पथराव और तोड़फोड़ के बाद मुस्लिम बस्ती में दहशत का माहौल है। कई परिवार रातभर घर छोड़ सुरक्षित जगहों की तलाश में भटकते रहे। वहीं, हिंदू संगठनों ने आरोपी युवक पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की अपील : वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन संवेदनशील क्षेत्रों पर पैनी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।




