शक ने रिश्तों को बनाया दुश्मनी का अखाड़ा : देवरानी ने भाभी की करदी पिटाई, सास-भतीजे तक को भी नहीं छोड़ा…FIR दर्ज…

रायगढ़। लैलूंगा थाना क्षेत्र में शक ने रिश्तों की गरिमा को चकनाचूर कर दिया। अवैध संबंध के संदेह में देवरानी ने अपनी ही भाभी पर हमला कर दिया। गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और फिर बेरहम पिटाई… इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने आई सास और मासूम बेटे पर भी उसकी हाथापाई टूटी। घटना से गांव में हड़कंप मच गया।
रिश्ते का चोला, दुश्मनी का खेल : ग्राम सलखिया निवासी मनमति चौहान (38) मजदूरी कर किसी तरह जिंदगी चला रही है। पति की मौत को साल भर ही बीता है। लेकिन उसका दर्द कम होने की बजाय और गहरा गया। ग्राम पिपराही की रहने वाली देवरानी सरस्वती चौहान को शक था कि उसके पति ओमप्रकाश और मनमति के बीच नाजायज़ रिश्ते हैं। इसी शक ने रिश्ते को दुश्मनी का अखाड़ा बना डाला।
झगड़े से हमला तक : 27 अगस्त की दोपहर सरस्वती अचानक मनमति के घर आ धमकी। ताबड़तोड़ आरोप और गालियां… देखते-देखते बात इतनी बढ़ गई कि उसने मनमति को जान से मारने की धमकी देते हुए मुक्के बरसाने शुरू कर दिए।
चीख-पुकार सुनकर 15 साल का बेटा अरुण और बूढ़ी मां बुधवारों बाई दौड़े, लेकिन सरस्वती के गुस्से का शिकार वे भी बन गए। तीनों को आंख, पैर, कमर और कान में चोटें आईं।
गांव में खौफ, थाने में रिपोर्ट : गांव वाले किसी तरह मामला शांत करवा पाए। पहले आपसी सुलह की कोशिश हुई, लेकिन नाकाम रही। आखिरकार पीड़ित महिला ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी।
पुलिस ने कसा शिकंजा : लैलूंगा पुलिस ने आरोपी सरस्वती चौहान के खिलाफ धारा 115(2)-BNS, 296-BNS और 351(2)-BNS के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। अब पुलिस विवेचना में जुटी है।