गुरु घासीदास केंद्रीय विवि में स्थानीय छात्रों को मिले 20% आरक्षण: प्रेस क्लब ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव को सौंपा ज्ञापन…

- प्रदेश की प्रतिभाओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की मांग; अन्य राज्यों की तर्ज पर विशेष व्यवस्था लागू करने पर दिया जोर…
बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में छत्तीसगढ़ के मूल निवासी विद्यार्थियों के लिए 20 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने की मांग को लेकर बिलासपुर प्रेस क्लब ने सार्थक पहल की है। बुधवार को प्रेस क्लब अध्यक्ष अजित मिश्रा के नेतृत्व में पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने तिफरा स्थित झूलेलाल मंगलम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव से सौजन्य भेंट कर उन्हें इस संबंध में एक ज्ञापन सौंपा।
स्थानीय प्रतिभाओं का पलायन रोकने की जरूरत – ज्ञापन सौंपते हुए प्रेस क्लब अध्यक्ष अजित मिश्रा ने कहा कि गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रदेश का एकमात्र और प्रतिष्ठित केंद्रीय विश्वविद्यालय है, जो राज्य के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र है। वर्तमान व्यवस्था में अखिल भारतीय स्तर की खुली प्रतिस्पर्धा के चलते प्रदेश के कई योग्य स्थानीय छात्र प्रवेश पाने से वंचित रह जाते हैं और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए अन्य राज्यों की ओर रुख करना पड़ता है। यदि विश्वविद्यालय में स्थानीय विद्यार्थियों के लिए 20 प्रतिशत सीटें आरक्षित की जाती हैं, तो बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के हजारों युवाओं को अपने ही राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
अन्य राज्यों की तर्ज पर नीति बनाने का आग्रह – प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया कि देश के विभिन्न राज्यों में संचालित केंद्रीय उच्च शिक्षण संस्थानों में स्थानीय विद्यार्थियों के हित संरक्षण के लिए आरक्षण अथवा विशेष वरीयता के प्रावधान लागू हैं। इसी तर्ज पर गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में भी छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों के हित में विशेष नीति लागू की जानी चाहिए, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए उपयुक्त मंच मिल सके।
मुलाकात के दौरान ये रहे उपस्थित -इस अवसर पर प्रेस क्लब उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार गणेश विश्वकर्मा, रितु साहू, रवि शुक्ला, सादाब खान, उज्जवल तिवारी, प्रवीण सिंह सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे।




