दुर्ग में खूनी हमला! एक्स गर्लफ्रेंड को दूसरे युवक के साथ देख बौखलाया पूर्व प्रेमी, दोस्तों संग गैरेज में घुसकर बरसाए चाकू…

दुर्ग। एक्स गर्लफ्रेंड को दूसरे युवक के साथ घूमते देख एक युवक इस कदर बौखलाया कि उसने दोस्तों के साथ मिलकर खूनी वारदात को अंजाम दे दिया। पहले युवक और उसकी महिला मित्र का पीछा किया, फिर जान बचाने के लिए गैरेज में घुसे युवक पर आरोपियों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे गैरेज संचालक और उसके भाई को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा। सनसनीखेज चाकूबाजी में तीन लोग घायल हो गए, जबकि एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी घायल युवक का मोबाइल छीनकर फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने तेजी दिखाते हुए कुछ ही घंटों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एक्स गर्लफ्रेंड को दूसरे युवक के साथ देखा, फिर शुरू हुआ पीछा – पूरा मामला सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृतिनगर चौकी का है। जानकारी के मुताबिक, नागेंद्र सोमंकर अपनी पूर्व प्रेमिका को सारांश सिंह नामक युवक के साथ घूमते देखकर भड़क गया। इसके बाद उसने अजय ठाकुर समेत अपने अन्य साथियों को साथ लिया और दोनों का पीछा शुरू कर दिया। आरोपियों से बचने के लिए सारांश अपनी महिला मित्र के साथ कारफाई नामक गैरेज में जा घुसा। लेकिन पीछा कर रहे आरोपी भी वहां पहुंच गए और गैरेज के भीतर ही सारांश पर चाकू से हमला कर दिया।
बचाने पहुंचे गैरेज संचालक और भाई पर भी चाकू से वार – गैरेज के भीतर अचानक मचे हंगामे और मारपीट को देखकर संचालक आनंद शर्मा और उनके भाई मनीष शर्मा ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। लेकिन हमलावरों का गुस्सा उन पर भी टूट पड़ा। आरोप है कि आरोपियों ने दोनों भाइयों पर भी चाकू से हमला कर दिया। इस खूनी वारदात में तीन लोग घायल हो गए। मनीष शर्मा को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
वारदात के बाद मोबाइल लूटा और फरार हुए हमलावर – चाकूबाजी को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने सारांश सिंह का मोबाइल फोन भी छीन लिया और मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर नागेंद्र सोमंकर, अजय ठाकुर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एक्स गर्लफ्रेंड को दूसरे युवक के साथ देखने से शुरू हुआ विवाद अब तीन लोगों पर चाकू से हमले और मोबाइल छीनने की गंभीर वारदात में तब्दील हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।




