सूरजपुर में तालिबानी इंसाफ : युवक का आधा सिर मुंडवाया, जूतों की माला पहनाकर पत्नी संग पूरे गांव में घुमाया…

सूरजपुर। न्याय प्रणाली को ठेंगा दिखाते हुए छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से भीड़तंत्र की रूह कंपा देने वाली तस्वीर सामने आई है। रामानुजनगर थाना क्षेत्र के पस्ता गांव में चोरी के महज ‘शक’ के आधार पर एक युवक और उसकी पत्नी को अमानवीय प्रताड़ना का शिकार बनाया गया। युवक का आधा सिर मुंडवाकर और गले में जूतों की माला डालकर उसे अपमानित किया गया, जबकि उसकी पत्नी ने दुष्कर्म की धमकी और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पंचायत के बहाने बुलाया और बन गए ‘जलाद’ – घटना का शिकार मोहम्मद रहमान ताज (32 वर्ष) कल्याणपुर का निवासी है। उस पर पस्ता गांव के सोलर पैनल सिस्टम के तार चोरी करने का संदेह था। न्याय के नाम पर सरपंच पति और कुछ ग्रामीणों ने युवक को ‘समझौते’ के लिए गांव बुलाया। युवक जब अपनी पत्नी के साथ वहां पहुंचा, तो भीड़ हिंसक हो गई।
दरिंदगी की हदें पार : पत्नी के साथ भी हुई बर्बरता – पीड़ित युवक की पत्नी ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि पंचायत के नाम पर उन्हें फंसाया गया। भीड़ ने न केवल उसके पति को लहूलुहान किया, बल्कि उसके साथ भी मारपीट की गई। महिला का आरोप है कि उसे जान से मारने और रेप करने की धमकी दी गई। भीड़ ने पति-पत्नी को पूरे गांव में घुमाकर उनकी गरिमा को तार-तार कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई : सरपंच पति समेत 9 गिरफ्तार – युवक के पिता की शिकायत के बाद पुलिस तत्काल हरकत में आई। कानून को हाथ में लेने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस ने सरपंच पति समेत 9 लोगों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों का उसी इलाके में जुलूस भी निकाला, ताकि कानून का खौफ कायम रहे।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची :
- विश्वनाथ सिंह (42 वर्ष)
- गोलचंद राजवाड़े (33 वर्ष)
- पूरन राम प्रजापति (42 वर्ष)
- रामसाय सिंह (54 वर्ष)
- कलेश्वर राम (45 वर्ष)
- बालसाय राजवाड़े (59 वर्ष)
- भज्जू सिंह (76 वर्ष)
- हीरासाय राजवाड़े (35 वर्ष)
- हरवंश राजवाड़े (37 वर्ष)
“किसी भी नागरिक को कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। चोरी का शक होने पर पुलिस को सूचना दी जानी चाहिए थी, लेकिन जिस तरह की अमानवीयता बरती गई है, उसमें आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।” – पुलिस प्रशासन




