रायगढ़

रिश्तों का कत्ल : माँ बनी ममता की दुश्मन, प्रेमी की ‘गंदी नजर’ से बेटी को बचाने के बजाय घर से निकाला…

रायगढ़। जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहाँ एक कलयुगी माँ ने अपने प्रेमी की काली करतूतों पर पर्दा डालने के लिए अपनी ही 23 वर्षीय बेटी की बलि वेदी सजा दी। आरोप है कि माँ के प्रेमी ने युवती के साथ छेड़छाड़ की, और जब पीड़िता ने न्याय मांगा, तो रक्षक बनी माँ ही भक्षक बन गई और बेटी को पीटकर घर से बाहर निकाल दिया।

प्रेम प्रसंग में अंधी हुई ममता – ​जानकारी के अनुसार, पीड़िता के पिता की मौत के बाद वह अपनी माँ के साथ रह रही थी। इसी बीच सारंगढ़ निवासी राधेश्याम साहू का उनके घर आना-जाना शुरू हुआ। राधेश्याम का पीड़िता की माँ के साथ प्रेम संबंध था। इसी नजदीकी का फायदा उठाकर आरोपी राधेश्याम पिछले कई महीनों से युवती पर गंदी नजर रख रहा था।

महीनों तक सहती रही प्रताड़ना – ​पीड़िता ने पुलिस को बताया कि नवंबर 2025 से ही आरोपी उसे अकेला पाकर छेड़छाड़ करता था। हद तो तब हो गई जब 2 दिसंबर को आरोपी ने युवती के कमरे में घुसकर जबरदस्ती करने की कोशिश की। युवती ने जब भी अपनी माँ को इस ‘दरिंदगी’ के बारे में बताया, माँ ने ममता दिखाने के बजाय आरोपी का पक्ष लिया और बेटी को ही खामोश रहने की हिदायत दी।

न्याय की बात पर मिली ‘मौत की धमकी’ – ​विवाद तब और गहरा गया जब 26 दिसंबर को पीड़िता ने पुलिस के पास जाने का फैसला किया। इस पर उसकी माँ ने उसे बेरहमी से पीटकर घर से बाहर निकाल दिया। महीनों भटकने के बाद जब युवती 27 फरवरी को वापस लौटी, तो माँ ने फिर से वही खौफनाक चेहरा दिखाया। आरोपी के खिलाफ जुबान खोलने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी गई और फिर से मारपीट की गई।

पुलिस की कार्रवाई : जल्द सलाखों के पीछे होंगे आरोपी – हार मानकर पीड़िता ने महिला थाने की शरण ली और अपनी माँ व उसके प्रेमी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

“पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। कानून अपना काम कर रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।” – सुशांतो बनर्जी, डीएसपी, रायगढ़

बड़ा सवाल : क्या एक माँ के प्रेम की कीमत उसकी बेटी की अस्मत से बड़ी हो गई है? इस घटना ने समाज के सामने एक कड़वा और डरावना सच पेश किया है।

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!