डायल 112 के चालक पर खूनी हमला : रायगढ़ पुलिस का कड़ा प्रहार, मुख्य आरोपी दबोचा गया!…

रायगढ़। शहर में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कड़ा सबक सिखाना शुरू कर दिया है। डायल 112 के एक निजी चालक के साथ बेरहमी से मारपीट और चाकूबाजी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
क्या था मामला? – बीती 3 अप्रैल की रात, कर्तव्य और सेवा से जुड़े डायल 112 के चालक मुकेश नायक जब कोतरारोड शराब भट्ठी के पास से गुजर रहे थे, तभी काले रंग की बुलेट पर सवार तीन ‘रौबदार’ बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बिना किसी उकसावे के, इन बदमाशों ने मुकेश को जबरन एक सुनसान इलाके में ले जाकर आतंक मचाया। न केवल अश्लील गालियां दीं, बल्कि जान से मारने की धमकी देते हुए धारदार हथियार से मुकेश की कमर पर वार कर उसे लहूलुहान कर दिया।
पुलिस की ‘सुपरफास्ट’ कार्रवाई – मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल और उप निरीक्षक ऐनु देवांगन की टीम ने जाल बिछाया। पुलिसिया तकनीक और मुखबिरों के सटीक इनपुट के आधार पर जितेन्द्र कुमार टण्डन (30 वर्ष), निवासी रामभाठा को धर दबोचा गया।
- बरामदगी : आरोपी की निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखा गया खूनी चाकू बरामद कर लिया गया है।
- शिनाख्त : कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के सामने हुई पहचान परेड में पीड़ित ने हमलावर को देखते ही पहचान लिया।
फरार आरोपियों की खैर नहीं – गिरफ्तार आरोपी जितेन्द्र टण्डन को गैर-जमानती धाराओं के तहत जेल भेज दिया गया है। हालांकि, इस हमले में शामिल उसके दो अन्य साथी अभी पुलिस की रडार से बाहर हैं। एसएसपी ने साफ कर दिया है कि उनकी गिरफ्तारी महज वक्त की बात है।
एसएसपी का सीधा अल्टीमेटम :
“रायगढ़ की सड़कों पर गुंडागर्दी और दबंगई कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो हाथ कानून को चुनौती देने के लिए उठेंगे, उन्हें पुलिस की सख्ती का सामना करना ही होगा। फरार आरोपियों की तलाश जारी है, वे पाताल में भी होंगे तो ढूंढ निकाले जाएंगे।”
शशि मोहन सिंह, एसएसपी रायगढ़
टीम कोतवाली की बड़ी कामयाबी: इस त्वरित कार्रवाई में निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन और समस्त कोतवाली स्टाफ ने अपनी मुस्तैदी का परिचय दिया है।




