ऑपरेशन ‘मुस्कान’ से महका रायगढ़ : पंजाब और अंबिकापुर से दो नाबालिग बालिकाएं बरामद, आरोपी सलाखों के पीछे…

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत दो बड़ी कामयाबियां हासिल की हैं। एसएसपी शशि मोहन सिंह के कड़े रुख और पुलिस की सक्रियता से जालंधर (पंजाब) और अंबिकापुर से दो नाबालिग बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब किया गया है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने आरोपियों को दबोचकर उनके विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की है।
मामला 1 : जूटमिल पुलिस ने जालंधर (पंजाब) से ढूँढ निकाली बालिका – जूटमिल थाना क्षेत्र से 22 अक्टूबर 2025 को लापता हुई 17 वर्षीय नाबालिग बालिका की तलाश में पुलिस की टीम सात समंदर पार तो नहीं, लेकिन सैकड़ों किलोमीटर दूर पंजाब तक जा पहुँची।
- सफलता का सूत्र : पुलिस ने तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपी सनत कुमार भट्ट (20 वर्ष) का लोकेशन जालंधर में ट्रैक किया।
- कार्रवाई : थाना प्रभारी अभिनवकांत सिंह के नेतृत्व में टीम ने दबिश देकर बालिका को बरामद किया। मेडिकल जांच और पीड़िता के बयान के बाद आरोपी के खिलाफ शारीरिक शोषण की धाराओं सहित पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
मामला 2 : पूंजीपथरा पुलिस ने अंबिकापुर में दी दबिश – पूंजीपथरा थाना क्षेत्र से 17 मार्च से लापता 15 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने अंबिकापुर के खरसिंया नाका चौक के पास से बरामद किया है।
- त्वरित एक्शन : 25 मार्च को रिपोर्ट दर्ज होते ही थाना प्रभारी रामकिंकर यादव की टीम सक्रिय हुई। जांच में पता चला कि आरोपी बालिका को बहला-फुसलाकर पहले जामगांव और फिर अंबिकापुर ले गया था।
- नतीजा : पीड़िता के बयान और मेडिकल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है।
एसएसपी का कड़ा संदेश : “अपराधी बचेंगे नहीं” – जिले की कमान संभाल रहे एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस सफलता पर पुलिस टीमों की सराहना करते हुए स्पष्ट संदेश दिया है:
“ऑपरेशन मुस्कान केवल एक अभियान नहीं, बल्कि गुमशुदा बच्चों और उनके परिवारों की सुरक्षा की हमारी प्रतिबद्धता है। बच्चों के साथ अपराध करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। हमारी प्राथमिकता त्वरित बरामदगी और दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना है।”
मुख्य भूमिका – इन ऑपरेशनों में एएसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अभिनवकांत सिंह (जूटमिल), रामकिंकर यादव (पूंजीपथरा), महिला प्रधान आरक्षक समुंद रनकर, आरक्षक शशिभूषण साहू, रंजित भगत और एएसआई उमाशंकर विश्वाल की सक्रियता सराहनीय रही।



