ऑपरेशन प्रहार : रायगढ़ पुलिस का ‘हथौड़ा’, 82 लाख की संपत्ति के साथ 80 टन अवैध कबाड़ जब्त!…

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में रायगढ़ पुलिस ने संगठित अपराध और अवैध कारोबार के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पूंजीपथरा पुलिस ने घेराबंदी कर लोहे के अवैध कबाड़ से लदे 4 भारी ट्रकों को जब्त किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 82 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की है।
समारूमा मेन रोड पर बिछाया गया जाल : मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पूंजीपथरा पुलिस ने घरघोड़ा-रायगढ़ मार्ग पर स्थित समारूमा के पास मोर्चा संभाला। दोपहर के वक्त संदिग्ध अवस्था में आ रहे चार ट्रकों को जब रोका गया, तो हड़कंप मच गया। तलाशी लेने पर ट्रकों के भीतर लोहे के एंगल, भारी पाइप और टिन के टुकड़ों का अंबार मिला।

जब पुलिस ने चालकों से परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे, तो वे निरुत्तर हो गए। संदेह है कि यह सारा माल चोरी का है जिसे खपाने की तैयारी थी।
जब्ती का लेखा-जोखा : आंकड़ों में कार्रवाई – पुलिस ने चारों ट्रकों से कुल 80 टन कबाड़ बरामद किया है।
- कबाड़ की कीमत: ₹28,35,000 (लगभग)
- वाहनों सहित कुल जब्ती: ₹82,00,000
- जब्त वाहन: CG14D0528, CG04ML3765, CG15AC4339, AP31TF7866
पुलिसिया कार्रवाई में अड़ंगा डालना पड़ा भारी : कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों ने पुलिस टीम का विरोध कर काम में बाधा डालने की कोशिश की। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस ने न केवल BNS की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया, बल्कि चालकों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत पृथक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है।
गिरफ्तार आरोपी :
- सुल्तान खान (जशपुर)
- जाकिर मोहम्मद (पूंजीपथरा)
- महकुल अहमद (बलिया, उ.प्र.)
- रघुबीर यादव (दमोह, म.प्र.)
एसएसपी का अल्टीमेटम : “बख्शे नहीं जाएंगे अपराधी”
”रायगढ़ की धरती पर अवैध कारोबार और संगठित अपराध के लिए कोई जगह नहीं है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ का उद्देश्य ऐसे गिरोहों की कमर तोड़ना है। चोरी की संपत्ति और अवैध कबाड़ के इस खेल में शामिल हर चेहरे को बेनकाब किया जाएगा।”
शशि मोहन सिंह, एसएसपी, रायगढ़
कार्यवाही टीम : अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और थाना पूंजीपथरा पुलिस की सक्रियता से यह बड़ी सफलता हाथ लगी है।




