बिलासपुर

बिलासपुर में भीषण सड़क हादसा : दो बाइकों की सीधी भिड़ंत, रेलकर्मी समेत दो की मौत, एक गंभीर…

बिलासपुर। न्यायधानी के रतनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम रफ्तार का कहर देखने को मिला। जूना शहर के पास दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत में एक रेलवे कर्मचारी और एक अन्य युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है।

ड्यूटी पर जा रहे थे रेलकर्मी, बारात की खुशियां मातम में बदलीं : हादसे का शिकार हुए भरवीडीह निवासी मनहरण कमल (61) कोटा रेलवे स्टेशन पर चौकीदार के पद पर तैनात थे। शुक्रवार शाम वे अपनी बाइक (CG 10 AJ 4464) से ड्यूटी पर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान, दूसरी दिशा से आ रही बाइक (CG 10 BV 9022) पर सवार शिव धनुहार (35) और कृष्णा धनुहार एक बारात में शामिल होने जा रहे थे।

​दोनों ओर से रफ्तार इतनी तेज थी कि जूना शहर के पास हुई इस भिड़ंत में सवार उछलकर सड़क से कई फीट दूर जा गिरे।

मौके पर ही थम गई सांसें : टक्कर इतनी भीषण थी कि रेलकर्मी मनहरण कमल और शिव धनुहार के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए।

राहत और बचाव कार्य : स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से:

  • घायल कृष्णा धनुहार को तत्काल रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहाँ से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे बिलासपुर सिम्स रेफर कर दिया गया है।
  • दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्यूरी भेज दिया गया है।

पुलिस का बयान : “प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण दोनों वाहनों की अत्यधिक रफ्तार प्रतीत हो रही है। मर्ग कायम कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।”

सावधानी ही बचाव है : तेज रफ्तार न केवल आपकी जान जोखिम में डालती है, बल्कि हंसते-खेलते परिवारों को भी उजाड़ देती है। कृपया सड़क नियमों का पालन करें।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!