बिलासपुर : नाबालिग को बहला-फुसलाकर रायगढ़ ले जाया गया और धकेला देहव्यापर में , मुख्य आरोपी समेत चार गिरफ्तार…

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र से एक संवेदनशील मामला सामने आया है। 16 वर्षीय नाबालिग को उसकी परिचित सहेली और सहेली की मां ने बहला-फुसलाकर रायगढ़ ले जाकर बंधक बना लिया और गलत गतिविधियों में शामिल करने का प्रयास किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
घर से नाराज होकर निकली थी किशोरी : जानकारी के अनुसार किशोरी 9वीं तक पढ़ाई करने के बाद घरेलू कार्य करती थी। 8 अगस्त 2025 को परिजनों से विवाद के बाद वह घर से निकल गई और अपनी सहेली के पास पहुंच गई। इसके बाद उसे रायगढ़ ले जाया गया।
रायगढ़ में रखा गया बंधक : पीड़िता के अनुसार रायगढ़ में उसे एक कमरे में रखा गया और दबाव डालकर अनुचित कार्य के लिए मजबूर किया गया। विरोध करने पर उसे प्रताड़ित भी किया जाता था।
पुलिस की सख्त कार्रवाई : गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में लिंगियाडीह निवासी कालिका तिवारी, उसकी नाबालिग बेटी और रायगढ़ निवासी विकास उर्फ विक्की भोजवानी का नाम सामने आया। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया।
मुख्य आरोपी पहले भी रहा है जेल में : पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी विक्की भोजवानी पूर्व में भी पीटा एक्ट के प्रकरण में जेल जा चुका है और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
आगे की जांच जारी : पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी सामने आ रही है। उनकी तलाश की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।