स्टील कंपनी में 11 लाख की हेराफेरी! कर्मचारी ने मालिक को लगाया चूना, फिर फरार…

रायगढ़। उद्योग नगरी रायगढ़ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिवशक्ति स्टील प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत एक कर्मचारी ने कंपनी के खातों में हेरफेर कर 11 लाख रुपए से अधिक की राशि गबन कर फरार हो गया। मामले की शिकायत पर चक्रधर नगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संस्थान प्रमुख विपुल माली (44 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि कंपनी में मनीष कुमार (23 वर्ष, निवासी मखदुमपुर, बिहार) ऑटोमोबाइल एग्जीक्यूटिव के पद पर पदस्थ था।
अप्रैल से जून 2024 के बीच उसने विभिन्न ट्रांसपोर्ट कंपनियों –
- अवनी कंस्ट्रक्शन से 2,96,391 रुपए
- ब्रदर्श रोडवेज से 4,07,071 रुपए
- जीके ट्रेडिंग से 2,70,307 रुपए
- रामा ट्रांसपोर्ट एंड कंस्ट्रक्शन से 3,90,077 रुपए
- सेजल कंस्ट्रक्शन से 1,75,219 रुपए
मिलाकर कुल 15,39,469 रुपए की वसूली की। यह पूरी राशि सीधे शिवशक्ति स्टील के खाते में जानी चाहिए थी, लेकिन आरोपी ने दस्तावेजों में हेरफेर कर भुगतान को “हरप्रीत रोड लाइन्स” के नाम पर दर्ज कर दिया और 11,35,086 रुपए गबन कर लिए।
बकाया वसूली के बहाने से गायब : 12 अगस्त को मनीष ने कंपनी को बताया कि वह “बकाया राशि वसूलने” के लिए जा रहा है। इसके बाद से वह न ऑफिस लौटा और न ही फोन पर संपर्क में आया।
जब प्रबंधन ने दस्तावेजों की जांच की तो गबन का पूरा मामला सामने आया।
धारा 316(4) व 318(4) BNS के तहत मामला दर्ज : शिकायत के आधार पर चक्रधर नगर पुलिस ने आरोपी मनीष कुमार के खिलाफ गबन और धोखाधड़ी के आरोप में अपराध दर्ज कर लिया है।
चुभते सवाल :
- क्या यह सिर्फ एक कर्मचारी की करतूत है या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह काम कर रहा है?
- कंपनी का वित्तीय तंत्र इतनी बड़ी गड़बड़ी पकड़ने में नाकाम क्यों रहा?
- फरार आरोपी की गिरफ्तारी कब तक हो पाएगी?
यह मामला केवल 11 लाख रुपए के गबन का नहीं, बल्कि कंपनी के प्रबंधन और निगरानी प्रणाली की बड़ी विफलता का भी आईना है।