जशपुर के सन्ना में रूह कंपा देने वाली वारदात, मासूम को बहलाकर ले गया आरोपी, शराब पिलाकर गला रेता; सीना और पेट चीरकर किडनी, फेफड़े व आंख निकालने की बात कबूली…

जशपुर। सोशल मीडिया पर जल्दी और ज्यादा पैसा कमाने की सनक किस हद तक इंसान को हैवान बना सकती है, इसकी रूह कंपा देने वाली तस्वीर जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में सामने आई है। यहां महज 4-5 साल के मासूम जितेंद्र राम को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने वाले 27 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बच्चे को शराब पिलाई और उसके नशे में सो जाने के बाद चाकू से गला रेत दिया। इसके बाद शव का सीना और पेट काटकर किडनी, फेफड़े और आंख निकालने की बात भी अपने मेमोरेंडम कथन में बताई। हत्या के बाद शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भरा तथा खेत में पानी से भरे गड्ढे में मिट्टी के नीचे दबा दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
तीन दिन से लापता था मासूम, खेत के गड्ढे में मिली लाश – पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लोढ़ेनापाठ महुआ निवासी रामजीत राम (36) ने 7 नवंबर 2026 को थाना सन्ना में अपने 4-5 वर्षीय बेटे जितेंद्र राम के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बच्चा 5 नवंबर से लापता था। प्रार्थी करीब एक साल पहले परिवार के साथ मजदूरी करने सन्ना आया था और आमटचुआ नदी डेम के पास बनी झोपड़ी में रह रहा था।
इसी दौरान आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू (27), निवासी ग्राम चलनी गोर्रापाठ, थाना सन्ना, का उसके घर आना-जाना था। आरोपी रिश्ते में प्रार्थी का ममेरा भाई बताया गया है।
परिजनों के मुताबिक, 5 नवंबर की सुबह आरोपी रामजीत और एक अन्य परिचित व्यक्ति को शराब पीने के लिए अपने साथ ले गया था। शराब पीने के बाद रामजीत और दूसरा व्यक्ति बस स्टैंड की ओर चले गए, जबकि आरोपी वापस अपनी झोपड़ी की तरफ लौट गया। कुछ समय बाद जब रामजीत घर पहुंचा तो उसका बेटा गायब था। तलाश के दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि उसने बच्चे को आरोपी के साथ एक खेत की झोपड़ी की ओर जाते देखा था। परिजनों ने आसपास के गांवों और खेतों में बच्चे की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
7 नवंबर की सुबह तलाश के दौरान सन्ना गांव के एक खेत में मक्का बाड़ी की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में बोरी दिखाई दी। बोरी के भीतर कंबल और गोधड़ी में लिपटा मासूम का शव मिट्टी से दबा हुआ मिला। इस दृश्य ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया।
सोशल मीडिया पर अंग बेचकर पैसा कमाने का आया विचार! – मामले की गंभीरता को देखते हुए जशपुर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और संदेही बासुदेव उर्फ टंगनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया।
आरोपी ने बताया कि वह करीब एक साल से सन्ना में मजदूरी कर रहा था। मजदूरी से मिलने वाली रकम से संतुष्ट नहीं होने के कारण वह कम समय में ज्यादा पैसा कमाना चाहता था। इसके लिए वह सोशल मीडिया पर कमाई के अलग-अलग तरीके तलाशता रहता था। इसी दौरान उसके मन में छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने के जरिए पैसा कमाने का विचार आया।
मासूम को घुमाने के बहाने ले गया, फिर शराब पिलाकर की हत्या – पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने मेमोरेंडम कथन में बताया कि 5 नवंबर की सुबह रामजीत के साथ शराब पीने के बाद लौटते समय उसे उसका मासूम बेटा जितेंद्र रास्ते में मिला। आरोपी बच्चे को बहला-फुसलाकर गुलाम अंसारी के खेत में बनी झोपड़ी में ले गया।
इसके बाद वह बच्चे को महानदी डेम के पास सौर ऊर्जा प्लेट के नीचे ले गया और कुछ समय जंगल की ओर घुमाने के बाद वापस उसी इलाके में लौटा। बाद में आरोपी बच्चे को लेकर सन्ना खुटाटांगर पहुंचा, जहां से शराब और मुर्गा खरीदा। वापस लौटकर मुर्गा बनाया और बच्चे को भी शराब पिलाई।
पुलिस के अनुसार, शराब पीने के बाद जब बच्चा नशे में सो गया, तब आरोपी ने पहले से अपने पास रखे चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव के साथ की दरिंदगी, अंग निकालकर बाल्टी में रखे – आरोपी ने पुलिस को दिए मेमोरेंडम कथन में बताया कि हत्या के बाद उसने उसी चाकू से बच्चे का सीना और पेट काटकर किडनी, फेफड़े तथा आंख निकालकर प्लास्टिक की बाल्टी में रख दिए।
इसके बाद शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भरा और बहादुर के खेत में पानी से भरे गड्ढे में रखकर मिट्टी से दबा दिया। वहीं, हत्या में प्रयुक्त चाकू, फावड़ा और निकाले गए अंगों को प्लास्टिक की बाल्टी में रखकर बांस झाड़ के पास गड्ढा खोदकर छिपा दिया था।
निशानदेही पर शव, चाकू, फावड़ा और अन्य सामग्री बरामद – आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस टीम ने उसकी निशानदेही पर मृतक बालक का शव, हत्या में प्रयुक्त चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी में रखे कथित तौर पर निकाले गए अंग तथा अन्य संबंधित सामग्री बरामद कर जब्त की है। इसके अलावा आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने शव का विधिवत पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया। आरोपी के विरुद्ध उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध – थाना सन्ना में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(1)(बी), 103(1) एवं 238(ए) में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका – इस जघन्य हत्याकांड के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी सन्ना निरीक्षक राकेश यादव, उपनिरीक्षक आभास मिंज, प्रधान आरक्षक सुमन टोप्पो, रविन्द्र एक्का, विजय खूंटे तथा आरक्षक महेश्वर यादव, प्रवीण खलखो और बलबीर भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जल्दी अमीर बनने की कथित सनक और इंटरनेट पर देखे गए गलत तरीकों ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली। इस वारदात ने न केवल पूरे इलाके को झकझोर दिया है, बल्कि बच्चों की सुरक्षा और इंटरनेट के दुरुपयोग को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




