मारुति फ्रोंक्स में ‘कबाड़’ का कारोबार: रायगढ़ पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, गवाहों को धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार…

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के कड़े तेवरों ने जिले के कबाड़ माफियाओं की नींद उड़ा दी है। खरसिया पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लग्जरी कार में अवैध स्क्रैप की तस्करी कर रहे एक रसूखदार आरोपी को दबोचा है। आरोपी न केवल अवैध काम कर रहा था, बल्कि खाकी के सामने ही गवाहों को धमकाने की जुर्रत भी कर बैठा, जिसका नतीजा अब उसे सलाखों के पीछे भुगतना पड़ रहा है।
वीआईपी कार में ‘चोरी का माल’ : खरसिया चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि ठाकुरदिया-मौहापाली रोड पर एक सफेद रंग की मारुति फ्रोंक्स (CG 13 BB 2808) का उपयोग स्क्रैप तस्करी के लिए किया जा रहा है। घेराबंदी कर जब गाड़ी रोकी गई, तो पुलिस भी दंग रह गई। चमचमाती कार के भीतर करीब 190 किलो लोहे का स्क्रैप भरा हुआ था।
⚖️ रसूख का नशा उतरा, पुलिस ने सिखाया सबक – पकड़े गए आरोपी की पहचान राजू अग्रवाल (47 वर्ष), निवासी छपरीगंज खरसिया के रूप में हुई है। जब पुलिस ने स्क्रैप के दस्तावेज मांगे, तो आरोपी के पास कोई जवाब नहीं था। जब्ती की कार्रवाई के दौरान आरोपी का अहंकार इस कदर सिर चढ़कर बोला कि वह पुलिस की मौजूदगी में ही गवाहों से भिड़ गया। गवाहों को “मुखबिर” कहकर धमकाने और मारपीट की चुनौती देने के बाद पुलिस ने सख्ती दिखाई और उसे धारा 170 BNSS के तहत गिरफ्तार कर लिया।
जब्ती का विवरण :
- लोहे का स्क्रैप : 190 किलो (कीमत ₹6,650)
- प्रयुक्त कार : मारुति फ्रोंक्स (कीमत लगभग ₹4 लाख)
- कार्रवाई : आरोपी के खिलाफ BNSS की धारा 35(क)(ड) और BNS की धारा 303(2) के साथ जनशांति भंग करने पर धारा 126 व 135(3) के तहत मामला दर्ज।
“रायगढ़ जिले में चोरी के कबाड़ और अवैध स्क्रैप परिवहन पर हमारी पैनी नजर है। अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून से नहीं बच पाएगा। जनता बेखौफ होकर सूचना दे, पुलिस आपके साथ है।”
शशि मोहन सिंह (SSP, रायगढ़)
पुलिस टीम की सफलता : इस सफल रेड में एडिशनल एसपी अनिल सोनी व एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी, एएसआई उदय सिदार, प्रधान आरक्षक अनंत तिवारी और आरक्षक साविल चंद्रा व डमरूधर पटेल की मुख्य भूमिका रही।



