बिलाईगढ़ थाना को मिला नया नेतृत्व थाना प्रभारी चंद्रवंशी ने संभाला कार्यभार पत्रकारों ने की सौजन्य मुलाकात

सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ मे पदस्थ थाना प्रभारी शिवकुमार धारी के स्थानांतरण के बाद नवपदस्थ थाना प्रभारी चंद्रवंशी जी ने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उनके पदभार संभालते ही क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर आम नागरिकों में नई उम्मीद जगी है।
इसी क्रम में गुरुवार को छत्तीसगढ़ मीडिया एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक दशरथ साहू एवं पत्रकार कल्याण महासंघ के ब्लॉक अध्यक्ष संजय यादव के नेतृत्व में पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बिलाईगढ़ थाना पहुंचकर नए थाना प्रभारी से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर पत्रकारों ने गुलदस्ता भेंट कर उन्हें नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान पत्रकारों ने क्षेत्र की जमीनी समस्याओं से अवगत कराते हुए बताया कि बिलाईगढ़ क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री जुआ तथा नशीली दवाओं का कारोबार लगातार बढ़ रहा है जिससे सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने इन गैरकानूनी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस पर थाना प्रभारी चंद्रवंशी जी ने आश्वस्त दिया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून के दायरे में रहकर अपराधों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा।
पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि नए थाना प्रभारी के नेतृत्व में बिलाईगढ़ क्षेत्र में कानून व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा अवैध कारोबार करने वालों पर प्रभावी लगाम लगेगी।




