बालोद जिले में सेवा पखवाड़ा के मौके पर ’नमो मैराथन’ का आयोजन

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। जिले में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक राज्य सरकार के निर्देशानुसार ’सेवा पखवाड़ा दिवस’ मनाया जा रहा है। इसी श्रृंखला में 24 सितंबर को सुबह 7:30 बजे जिला कलेक्ट्रेट परिसर से ’नमो मैराथन’ का आयोजन किया जाएगा। इस मैराथन का मुख्य उद्देश्य आत्मनिर्भर भारत, फिट इंडिया और नशा मुक्त भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
समाज कल्याण विभाग के उप संचालक के अनुसार, मैराथन में 18 वर्ष से कम उम्र के बालक-बालिकाओं और 18 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष एवं महिलाओं के लिए अलग-अलग वर्ग बनाए गए हैं। भागीदारी के लिए 23 सितंबर को जिला कार्यालय, समाज कल्याण विभाग, राजस्व कॉलोनी परिसर में सुबह 10 बजे से पंजीयन किया जा सकेगा। पंजीकृत प्रतिभागियों को ’नमो मैराथन’ की टी-शर्ट भी प्रदान की जाएगी।
4.50 किलोमीटर लंबी इस दौड़ की शुरुआत कलेक्ट्रेट परिसर से होगी और यह अटल विहार कॉलोनी, शासकीय माध्यमिक शाला सिवनी, खेल मैदान, राजस्व कॉलोनी, समाज कल्याण विभाग, उद्यानिकी विभाग, कलेक्टोरेट चौक, विश्राम गृह आदमाबाद वृद्धाश्रम होते हुए वापस कलेक्टोरेट परिसर पर समाप्त होगी।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार राशि 5001 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 3001 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 2001 रुपये दिया जाएगा। पुरस्कार वितरण समारोह भी समाज कल्याण विभाग कार्यालय, झलमला में आयोजित किया जाएगा।
यह आयोजन न केवल युवाओं को शारीरिक रूप से फिट रहने के लिए प्रोत्साहित करेगा, बल्कि उन्हें सामाजिक बदलाव और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए भी प्रेरित करेगा। बालोद जिला प्रशासन का यह प्रयास जनमानस में सकारात्मक ऊर्जा भरने और स्वस्थ, नशामुक्त और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।




