कुनकुनी ओवरब्रिज पर मौत की रफ्तार: दो हाइवा की आमने-सामने टक्कर, एक ड्राइवर की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर घायल…

रायगढ़। जिले में रफ्तार ने एक बार फिर जान ले ली। खरसिया थाना क्षेत्र के कुनकुनी ओवरब्रिज के पास शुक्रवार देर रात दो तेज रफ्तार हाइवा गाड़ियों की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक चालक वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
जानकारी के अनुसार, मृतक चालक सोनू कुमार यादव, उत्तरप्रदेश का रहने वाला था। वह कोतरा रोड थाना क्षेत्र की श्री शक्ति ट्रेड फर्म की हाइवा वाहन चला रहा था। बताया जा रहा है कि सोनू यादव शुक्रवार रात रेत लोड कर डभरा से रायगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान जब वह कुनकुनी ओवरब्रिज के पास पहुंचा, तो सामने से SKS पावर प्लांट से डस्ट लेकर जेठा जा रही हाइवा से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। उस वाहन को कुमार सिंह नामक चालक चला रहा था।
धातु के मलबे में समा गया ड्राइवर, मौके पर निकली जान : भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहनों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सोनू यादव ड्राइवर सीट पर ही लोहे के ढांचे में बुरी तरह दब गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उसे निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हादसे में सोनू यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरा चालक कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में खरसिया अस्पताल पहुंचाया गया।
घटनास्थल पर उमड़ी भीड़, पुलिस ने निकाला शव : घटना की जानकारी मिलते ही खरसिया पुलिस मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से मृत चालक को बाहर निकाला गया। रातभर पुलिस मौके पर जांच में जुटी रही। शनिवार सुबह शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और परिजनों को सूचना दी गई।
तेज रफ्तार और लापरवाही बनी हादसे की वजह : स्थानीय लोगों का कहना है कि कुनकुनी ओवरब्रिज के पास लंबे समय से तेज रफ्तार और भारी वाहनों की अव्यवस्थित आवाजाही के कारण दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हादसे के बाद एक बार फिर सड़क सुरक्षा और रफ्तार नियंत्रण पर सवाल उठ खड़े हो गए हैं।
खरसिया थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दोनों वाहनों को जब्त किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




