रायगढ़ में सड़क सुरक्षा की उड़ती धज्जियाँ : बिना हेलमेट पकड़े गए 10 पुलिसकर्मी, खुद ही बने नियम तोड़ने वाले…

रायगढ़, 9 मई 2025। जहाँ एक ओर आम जनता को ट्रैफिक नियमों के पालन का पाठ पढ़ाया जाता है, वहीं रायगढ़ पुलिस के 10 वर्दीधारी ही कानून की धज्जियाँ उड़ाते पकड़े गए। बिना हेलमेट दुपहिया चलाते पाए गए इन पुलिसकर्मियों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 500-500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
एसपी श्री दिव्यांग पटेल के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद कि हर पुलिसकर्मी ड्यूटी हो या निजी कार्य, दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहने—इन आदेशों की अनदेखी उसी विभाग के भीतर हो रही है। ट्रैफिक डीएसपी श्री सिंह के नेतृत्व में चलाए गए विशेष निरीक्षण अभियान में पुलिस कार्यालय और रक्षित केन्द्र के परिसर से ये उल्लंघन पकड़े गए।
डीएसपी सिंह ने दो टूक कहा “नियम सबके लिए बराबर हैं। चाहे आम नागरिक हो या वर्दीधारी।” उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि आगे भी शासकीय कार्यालयों के बाहर नियमित जांच अभियान जारी रहेगा और कोई छूट नहीं दी जाएगी।
क्या संदेश दे रही है पुलिस? : एक ओर पुलिस जनता से कहती है”हेलमेट पहनिए, जीवन बचाइए”, वहीं खुद की लापरवाही यह सवाल उठाती है कि क्या कानून सिर्फ आम लोगों के लिए हैं? क्या वर्दी की आड़ में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी जायज़ है?
जरूरी है पुलिस का उदाहरण बनना : यदि सुरक्षा और अनुशासन की प्रतीक मानी जाने वाली पुलिस खुद ही नियम तोड़ेगी, तो आम जनता से पालन की अपेक्षा कैसे की जा सकती है? यह कार्यवाही एक सकारात्मक कदम जरूर है, लेकिन यह घटना बताती है कि सुधार की ज़रूरत जमीनी स्तर पर है, ऊपर से नहीं सिर्फ आदेशों में।
अब सवाल यह है : क्या आगे भी ऐसी कार्यवाहियाँ सख्ती से जारी रहेंगी या ये सिर्फ एक दिन की दिखावटी मुहिम थी?