रायगढ़

लैलूंगा : जमीन विवाद में चाचा ने भतीजे पर किया जानलेवा हमला, इलाज के दौरान मौत, आरोपी गिरफ्तार…

रायगढ़, 15 फरवरी । लैलूंगा थाना क्षेत्र के सोनाजोरी गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। 60 वर्षीय रामसाय खलखो ने अपने भतीजे ईश्वर खलखो (32 वर्ष) पर लोहे के धारदार बसूला से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी रामसाय खलखो को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

झगड़े ने लिया खूनी रूप : घटना 14 फरवरी की शाम सोनाजोरी गांव के जोटोपारा में हुई। थाना प्रभारी राजेश जांगड़े को सूचना मिली कि एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला हुआ है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां घायल ईश्वर खलखो की पत्नी तारा खलखो (20 वर्ष) ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

पीड़िता के अनुसार, उनके पति ईश्वर और बड़े पिता रामसाय खलखो के बीच पारिवारिक जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी रामसाय खलखो ने उनके कोलाबाड़ी में लगे कर्रा बांस के पौधों को अपना बताते हुए विवाद खड़ा किया और जमीन न बांटने की धमकी दी। गुस्से में आकर वह लोहे के धारदार बसूला के साथ आया और गाली-गलौच करते हुए ईश्वर खलखो के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से ईश्वर लहूलुहान होकर बेहोश हो गया।

इलाज के दौरान तोड़ा दम, आरोपी गिरफ्तार : परिजनों ने तुरंत ईश्वर को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लैलूंगा पहुंचाया, लेकिन गंभीर हालत के कारण उसकी मौत हो गई।

लैलूंगा पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी रामसाय खलखो को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार बसूला, आरोपी के कपड़े व अन्य सबूत जब्त कर लिए हैं। ईश्वर की मौत के बाद मामले को हत्या की धारा 103(1) BNS के तहत बदल दिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Ambika Sao

( सह-संपादक : छत्तीसगढ़)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!