राष्ट्रीय

महाकुंभ 2025 : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने त्रिवेणी संगम में किया पुण्य स्नान, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना…

रायपुर। महाकुंभ 2025 के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज तीर्थराज प्रयाग के त्रिवेणी संगम में पुण्य स्नान कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की मंगलकामना की। इस शुभ अवसर पर उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायकगण एवं उनके परिवारजन भी उपस्थित रहे।

महाकुंभ : आस्था, परंपरा और आध्यात्मिक ऊर्जा का महासंगम : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने महाकुंभ को सनातन धर्म की दिव्यता और आध्यात्मिक ऊर्जा का महापर्व बताते हुए कहा कि यह भारतीय संस्कृति की अनंत शक्ति और सनातन परंपराओं की जीवंतता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 144 वर्षों बाद आयोजित यह विराट महाकुंभ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारत की सनातन लोकतांत्रिक परंपराओं को जानने, समझने और आत्मसात करने का एक अद्भुत अवसर भी है।

त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाई, प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना : मुख्यमंत्री श्री साय रायपुर से प्रयागराज पहुंचे, जहां एयरपोर्ट से मंत्रिमंडल के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ 5 इलेक्ट्रिक बसों के माध्यम से संगम तट की ओर प्रस्थान किया। अरेल घाट पहुंचने के बाद वे मोटर बोट से त्रिवेणी संगम पहुंचे और विधि-विधान से माँ गंगा, यमुना एवं अदृश्य सरस्वती के संगम में आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता के सुख, समृद्धि और उन्नति के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा, “महाकुंभ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि यह भारतीय आस्था, परंपरा और लोकतांत्रिक मूल्यों का जीवंत उदाहरण है। यह आयोजन हमारी आध्यात्मिक जड़ों को मजबूत करता है और सनातन संस्कृति के दिव्य स्वरूप को विश्वभर में प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है।” उन्होंने आगे कहा कि गंगा, यमुना और सरस्वती का यह त्रिवेणी संगम केवल जल का मिलन नहीं, बल्कि अध्यात्म, परंपरा और संस्कृति का महासंगम है। प्रयागराज महाकुंभ न केवल भारत के लिए, बल्कि समूची मानवता के लिए आध्यात्मिक चेतना का केंद्र है।

छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान होगी स्थापित : मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस महाकुंभ के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को भी राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का संकल्प लिया गया है। सनातन संस्कृति के संवर्धन और संरक्षण के लिए उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से योगदान देने का आह्वान किया।

उत्तर प्रदेश सरकार की व्यवस्थाओं की सराहना : मुख्यमंत्री श्री साय ने उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया और कहा कि छत्तीसगढ़ से आए श्रद्धालुओं ने इस दिव्य आयोजन और उसकी व्यवस्थाओं की मुक्त कंठ से सराहना की

प्रदेशवासियों को महाकुंभ की शुभकामनाएँ : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़वासियों और समस्त देशवासियों को महाकुंभ की शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य, समृद्धि एवं आरोग्य की कामना की। उन्होंने कहा कि महाकुंभ भारतीय सभ्यता के मूल सिद्धांत – धर्म, करुणा, और आध्यात्मिकता का उत्सव है, जो समाज को नई दिशा देता है और आध्यात्मिक चेतना को जाग्रत करता है

Ambika Sao

( सह-संपादक : छत्तीसगढ़)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!