बलरामपुर-रामानुजगंज

बलरामपुर : हत्या के आरोपी की फरारी से हड़कंप, लापरवाही पर दो पुलिसकर्मी निलंबित…

बलरामपुर। वाड्रफनगर पुलिस चौकी में हिरासत के दौरान हत्या का एक आरोपी फरार हो गया, जिससे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। इस गंभीर लापरवाही को लेकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, कोटराही गांव निवासी संजय खैरबार (22) ने बुधवार रात अपने पड़ोसी व्यापारी ओमप्रकाश कुशवाहा (25) की घर में घुसकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर वाड्रफनगर पुलिस चौकी में रखा था। लेकिन शुक्रवार सुबह तक आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया, जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

तत्काल गठित हुई पुलिस टीम, 10 घंटे में आरोपी गिरफ्तार : आरोपी की फरारी के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल संयुक्त पुलिस टीम का गठन किया और सघन तलाशी अभियान चलाया। करीब 8 से 10 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया।

लापरवाही पर गिरी गाज, दो पुलिसकर्मी निलंबित : इस मामले में ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल संतोष सिंह और कांस्टेबल राम पुकार सिंह को लापरवाही का दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा, एक होमगार्ड की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की गई है।

एडिशनल एसपी विश्व दीपक त्रिपाठी ने इस मामले को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा, “पुलिस की जिम्मेदारी जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। ड्यूटी में लापरवाही को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए और कड़े कदम उठाए जाएंगे।”

यह घटना पुलिस विभाग के अनुशासन और जवाबदेही पर एक बड़ा सवाल खड़ा करती है। हालांकि, आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में हुई यह चूक एक गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है।

Ambika Sao

( सह-संपादक : छत्तीसगढ़)
Back to top button
error: Content is protected !!